दुर्ग : आरटीई के तहत प्रवेश के लिए निर्धारित सीटों की संख्या में भारी कटौती की गई है. पिछले वर्ष की तुलना में इस बार करीब एक तिहाई सीटों की कटौती हुई है. इस वर्ष केजी – 1, केजी -2 तथा नर्सरी का कांक्सेप्ट खत्म कर दिया गया है. इस वजह से निजी स्कूलों में आरटीई के तहत केवल पहली कक्षा में प्रवेश दिया जा रहा है, जिसके लिए प्रथम चरण में ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 31 मार्च से निर्धारित है.
विभाग को अब तक 2533 आवेदन मिल चुके हैं. इस बार मात्र मात्र 1425 सीट निर्धारित है. पिछले वर्ष आरटीई की 4267 सीट थी. यानी इस बार 2842 सीटों की कटौती की गई है. इससे चलते जिले के कई बड़े नामी स्कूलों में आरटीई की सीटों में भारी कमी आई है. वैसे पिछले वर्ष आरटीई में प्रवेश के लिए 540 निजी स्कूल चिन्हाकित थे. इस बार यह संख्या घटकर 528 हो गई है.
निःशुल्क एवं अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार अधिनियम अन्तर्गत वर्ष 2026-27 के लिए प्रदेश में संचालित निजी विद्यालयों में आरटीई पोर्टल के माध्यम से ऑनलाईन आवेदन/भर्ती की कार्यवाही की जानी है. गरीब तथा मध्यम तबके परिवार के बच्चों को आरटीई के तहत दिए जाने वाले प्रवेश प्रक्रिया में इस वर्ष से एक बड़ा बदलाव किया गया है.
केजी- 1, केजी -2 तथा नर्सरी का कांक्सेप्ट खत्म कर आरटीई में अब पहली कक्षा में प्रवेश दिए जाने का प्रावधान किया गया है. इसके पहले तक जिले के बड़े निजी विद्यालयों में केजी-1, केजी 2 तथा नर्सरी कक्षा में बच्चों को प्रवेश दिया जाता था. बहरहाल, आगामी शिक्षा सत्र 2026-27 के लिए आरटीई के तहत प्रवेश दिए जाने राज्य से शेड्यूल जारी कर दिया गया है.
प्रथम चरण में प्रवेश का शेड्यूल इस प्रकार
ऑनलाइन आवेदन 31 मार्च तक . नोडल वेरीफिकेशन 16 फरवरी से 31 मार्च तक | लॉटरी एवं आबंटन 13 अप्रैल से 17 अप्रैल तक . स्कूल दाखिला 1 मई से 30 मई तक. 2025-26 की शुल्क प्रतिपूर्ति का सत्यापन कार्य 25 मई से 25 जून तक.
द्वितीय चरण में प्रवेश की समय सारणी इस तरह
न्यू स्कूल रजिस्ट्रेशन 8 से 20 जून तक . नोडल प्राचार्य, डीईओ द्वारा सत्यापन, ( सीट प्रकटीकरण) 8 जून से 25 जून तक छात्र पंजीयन 1 जुलाई से 11 जुलाई तक. नोडल वेरीफिकेशन 1 जुलाई से 15 जुलाई तक लॉटरी एवं आबंटन 27 से 31 जुलाई तक स्कूल दाखिला 3 अगस्त से 17 अगस्त तक .
दुर्ग में 2 करोड़ रुपए की लागत से बनेंगे 4 नये उद्यान
दुर्ग। दुर्ग विधानसभा क्षेत्र में 4 नये उद्यान निर्माण किया जाएगा. शहर विधायक एवं केबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव के पहल से यह संभव हो सका है. मंत्री के वार्ड भ्रमण दुर्ग के नागरिकों ने बच्चों के खेलने और सुबह शाम टहलने के लिए व्यवस्थित उद्यान की मांग किये थे. उन्होंने तत्काल विभागीय अधिकारियों से इस्टीमेट बनाकर शासन को प्रस्ताव भेजे जिस पर उद्यान बनाने की सहमति मिलने के साथ ही राशि भी स्वीकृति प्रदान कर दी गई है.
केबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि दुर्ग शहर के प्रत्येक वार्ड में नागरिकों की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्य लगातार किए जा रहे हैं. प्रदेश की भाजपा सरकार के नेतृत्व में दुर्ग को एक विकसित और सुव्यवस्थित शहर बनाने की दिशा में तेजी से काम हो रहा है. विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं है और लगातार नई-नई योजनाओं की स्वीकृति मिल रही है.
उन्होंने बताया कि इन उद्यानों के निर्माण से बच्चों को सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण में खेलने का अवसर मिलेगा, वहीं बुजुर्गों और अन्य नागरिकों को सुबह-शाम टहलने, व्यायाम करने और समय बिताने के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध होगा. इन उद्यानों में साफ-सफाई, बैठने की व्यवस्था, बच्चों के लिए झूले, ओपन जिम जैसी सुविधाएं विकसित करने का भी प्रयास किया जाएगा, ताकि हर आयु वर्ग के लोग इसका लाभ उठा सकें.
इन वार्डों में होगा उद्यान निर्माण : वार्ड 45, पद्मनाभपुर ( पूर्व ) 64.98 लाख वार्ड 46, पद्मनाभपुर (पश्चिम) 15.54 लाख वार्ड 49, विद्युत नगर वार्ड 51, बोरसी (उत्तर) 57.48 लाख 62.47 लाख
नौकरी लगाने के नाम पर 10 लाख की ठगी करने वाली महिला गिरफ्तार
दुर्ग। नौकरी लगाने के नाम पर 10 लाख रुपए की ठगी करने वाली महिला को पदमनाभपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है. महिला ने सीएसपीडीसीएल में असिस्टेंट इंजीनियर के पद पर फर्जी नियुक्ति का झांसा देकर 10 लाख रुपए की ठगी की थी.
पुलिस ने बताया कि प्रार्थिया पायल निवासी सेक्टर 7 भिलाई ने पद्मनाभपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई कि 2 अगस्त 2023 को महाराजा चौक स्थित एक दुकान में उसकी मुलाकात आदर्श नगर दुर्ग निवासी प्रिया देशमुख से हुई थी .
प्रिया देशमुख द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी में सब इंजीनियर के पद पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर कुल 20 लाख रुपए की मांग की थी जिसमें से 10 लाख रुपए पीड़िता द्वारा दे दिए गए थे. इसके बाद आरोपिया ने प्रार्थिया को अपने सहयोगी रजत गुप्ता से मिलवाया, जिसने स्वयं को मंत्रालय में कार्यरत बताते हुए नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया था.
नवंबर 2023 में रायपुर सर्किट हाउस में प्रार्थिया को असिस्टेंट इंजीनियर पद का फर्जी जॉइनिंग लेटर प्रदान किया गया. प्रार्थिया की शिकायत पर पद्मनाभपुर पुलिस ने धारा 420, 467, 468, 120 बी के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच में लिया था. विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपिया प्रिया देशमुख को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया. अन्य आरोपी की तलाश में टीम लगी हुई है.
म्यूल अकाउंट के माध्यम से अवैध लेन-देन पर 11 आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग। म्यूल अकाउंट के माध्यम से ऑनलाइन गेमिंग में अवैध लेनदेन करने वाले गिरोह को पकड़ने में मोहन नगर एवं पद्मनाभपुर थाना पुलिस को सफलता मिली है. पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए कुल 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपी बैंक खाता, एटीएम व दस्तावेज लालच में गिरोह को उपलब्ध कराते थे. सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है.
पुलिस ने बताया कि प्रार्थी अविनाश दुबे निवासी हुडको भिलाई ने 30 दिसंबर 2025 को शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपीगण द्वारा विभिन्न बैंकों में खाता खुलवाकर एटीएम कार्ड, पासबुक, चेक बुक अपने पास रखकर ऑनलाइन गेमिंग के माध्यम से अवैध लेनदेन कर रहे हैं.
शिकायत के बाद मोहन नगर एवं पदमनाभपुर थाना में अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया था. विवेचना के दौरान तकनीकी विश्लेषण एवं बैंक खातों की जांच में म्यूल अकाउंट धारकों की पहचान कर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 11 आरोपियों सूरज महतो निवासी रेलवे कॉलोनी भिलाई, रूपेश यादव रेलवे कॉलोनी भिलाई, दीपक विश्वकर्मा न्यू कृष्णा नगर सुपेला, मिथिलेश यादव मॉडल टाउन नेहरू नगर, इसाब मेहत्तर सिद्धार्थ नगर दुर्ग, वेद प्रकाश ठाकुर नया आमापारा थाना मोहन नगर, सुरेंद्र यादव निवासी कादंबरी नगर दुर्ग, साहिल मेश्राम कैंप 1 वृंदा नगर भिलाई, प्रशांत लाउत्रे निवासी रामनगर सुपेला, भूपेंद्र सोनी हाउसिंग बोर्ड कोहका एवं रंजीत कौर निवासी पंजाबी मोहल्ला खुर्सीपार को गिरफ्तार किया. आरोपियों द्वारा अपने बैंक खाता अवैध ऑनलाइन गेमिंग लेन देन के लिए धन लाभ के उद्देश्य से उपलब्ध कराया जाना पाया गया है.
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
दुर्ग निगम के स्वास्थ्य अधिकारी दुर्गेश गुप्ता निलंबित
दुर्ग। नगर निगम दुर्ग के प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी दुर्गेश गुप्ता को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है. इस आशय का आदेश आयुक्त सुमित अग्रवाल द्वारा 17 मार्च को जारी किया गया है.
आदेश में कहा गया है कि प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी दुर्गेश गुप्ता को 17 मार्च को दुर्ग नगर पालिक निगम की सामान्य सभा के दौरान वार्ड 57 के पार्षद सरस कुमार निर्मलकर द्वारा उनके वार्ड के सफाई कर्मचारियों के 9 जनवरी 2026 से 15 जनवरी 2026 तक वार्ड में कार्य से अनुपस्थित रहने के संबंध मे की गई शिकायत पर कारण बताओं नोटिस जारी किया गया. वैसे भी निगम के सामान्य सभा में 24 घंटे के भीतर उचित कार्रवाई किए जाने की व्यवस्था दी गई थी, जिसके परिपेक्ष्य में निगम आयुक्त द्वारा नोटिस जारी किया गया.
प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी दुर्गेश गुप्ता नोटिस के जवाब में सुपरवाईजरों द्वारा वार्ड में कार्य कराये जाने एवं सफाई दरोगा के मार्गदर्शन में कार्य करने का उल्लेख किया है. जबकि प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी के रूप में उन्हें इनके कार्यों का निरीक्षण नियंत्रण एवं उक्त पार्षद के समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जाना था.
गुप्ता द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन संतोषप्रद एवं समाधान कारक नही होने के कारण छग सिविल सेवा (वर्गीकरण नियंत्रण तथा अपील) 1966 के नियम 9 (1) का प्रयोग करते हुए दुर्गेश गुप्ता, प्र. स्वास्थ्य अधिकारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है. निलंबन अवधि में उन्हें मूलभूत नियम 53 (I) (II) (III) अंतर्गत विधिवत जीवन निर्वाह भत्ता की पात्रता होगी. निलबंन अवधि के दुर्गेश गुप्ता का मुख्यालय राजस्व विभाग रहेगा.
बीएसपी में लोहे का स्क्रैप चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा, कबाड़ी समेत 6 गिरफ्तार
भिलाईनगर। बीएसपी के अंदर से लोहे का स्क्रैप चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा कर कबाड़ी समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से 1030 किलोग्राम लोहा स्क्रैप एवं घटना में प्रयुक्त पिकअप बरामद किया है. रिपोर्ट पर भट्ठी पुलिस ने मामले में धारा 25, 26, 303 (2), 3 ( 5 ) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की है.
ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चन्द्रा ने बताया कि सीआईएसएफ के एसआई अनुज कुमार ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 16 मार्च की रात वह ड्यूटी के दौरान जानकारी मिली कि कुछ असामाजिक तत्व चोरी के इरादे से केनाल गेट के पास से प्लांट के अंदर घुसे हैं. खोजबीन के दौरान रात करीब 10 बजे एक संदिग्ध पिकअप वाहन दिखी. वह केनाल गेट से होते हुए प्लांट से बाहर की ओर जा रही थी. उसको रोककर तलाशी ली तो पिकअप में 16 लोहे के टुकड़ों का स्क्रैप मिला. वह तिरपाल से ढंका था.
आरोपी आकाश राव पुरके (30 वर्ष) निवासी कैंप 2 शारदा पारा मिलन चौक, नरेश कलेथ (20 वर्ष) निवासी सेक्टर 4, सड़क 10, पुष्पेंद्र दीप (32 वर्ष) निवासी सेक्टर 5, सड़क 17, राकेश कुमार सोनकर, ( 41 वर्ष) निवासी महात्मा गांधी नगर, पावर हाउस, कैंप 2, मनोज कुम्भार (35 वर्ष) निवासी सेक्टर 5, सड़क 17 व मनोज कुमार गुप्ता (39 वर्ष) निवासी महात्मा गांधी नगर, कैंप 02 को गिरफ्तार किया है. इस कार्रवाई में थाना प्रभारी भिलाई भट्ठी निरीक्षक प्रकाश कांत, प्रधान आरक्षक खिलेश्वर साहू, आरक्षक पुरुषोत्तम साहू शामिल थे.
आठ चोरी के मामलों का हुआ खुलासा, आठ गिरफ्तार
राजनांदगांव। पुलिस ने डोंगरगांव तथा बसंतपुर क्षेत्र में हुई चोरी के दो मामलों का खुलासा करते हुए आठ आरोपियों को हिरासत में लिया है उनके पास से चोरी के जेवर भी बरामद किए गए, जिनकी कीमत लाखों रुपए बताई जाती है.
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर ने बताया कि गत 3 मार्च को प्रार्थी प्रवीण कुमार सिंह निवासी राजीव नगर डोंगरगांव द्वारा थाना डोंगरगांव में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि, किसी अज्ञात चोर के द्वारा उसके घर में प्रवेश कर आलमारी एवं लॉकर का ताला तोड़कर लॉकर में रखे दो नग सोने के कंगन, 1 नग सोने का मंगलसूत्र, 1 नग सोने की ईयरिंग को चोरी कर ले गया है.
रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के विरूद्ध थाना डोंगरगांव में अपराध दर्ज किया गया. थाना प्रभारी डोंगरगांव प्रशिक्षु आई.पी.एस. आदित्य कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा अज्ञात चोर की पतासाजी शुरू की गई.
इस दौरान आरोपी नमीत निर्मलकर उर्फ सन्नी , राहुल कुमार मालेकर दोनो निवासी वार्ड नं. 1 किल्लापारा डोंगरगांव को हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर चोरी करना स्वीकार किये एवं चोरी किये गये आभूषणों को तुलीका रायकर एवं आशिष रायकर दोनो निवासी वार्ड नं. 6 चिखली राजनांदगांव को बेचने हेतु देने की बात कही. आरोपी नमीत निर्मलकर उर्फ सन्नी से नगदी रकम 10 हजार रूपये को जप्त किया गया है एवं बाकी पैसो को खाने-पीने, जुआ खेलने में खर्च कर करना बताया.
आरोपी राहुल कुमार मालेकर के कब्जे से चोरी के रकम से खरीदे स्कुटी एक्टीवा क्रमांक सीजी 28 एम 7613 एवं प्रार्थी के घर के चाबी को जप्त किया गया है. इसी प्रकार आरोपिया तुलीका रायकर पति आशीष रायकर उम्र 32 साल के कब्जे से सोने का मंगलसूत्र एवं आरोपी आशीष रायकर राजकुमार रायकर से सोने के इयरिंग को जप्त किया गया है.
अवकाश के दिनों में भी शिक्षक जांचेंगे बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाएं
राजनांदगांव। संस्कारधानी राजनांदगांव जिला मुख्यालय स्थित स्टेट हायर सेकेंडरी स्कूल में पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 10वीं और 12वीं बोर्ड की कॉपियों का मूल्यांकन कराया जा रहा है. बोर्ड की कॉपियों का मूल्यांकन अवकाश के दिनों में भी कराया जाएगा जिसके लिए दिशा निर्देश जारी कर दिए गए हैं.
चार दिनों से बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन सुनिश्चित कराया जा रहा है. स्कूल समन्वयक की माने तो अब तक 24000 से अधिक उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन पूर्ण कर लिया गया है आज भी 300 शिक्षकों 8000 से अधिक उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन पूर्ण किया है. जिला शिक्षा अधिकारी प्रवास सिंह बघेल सहित मूल्यांकन प्रभारी के देखरेख में मूल्यांकन कार्य का नियमित रूप से कराया जा रहा है .
समन्वयक केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक, प्रत्येक शिक्षक प्रतिदिन 40 कॉपियां जांच रहे है. प्रथम चरण में मूल्यांकन के लिए 61,000 से अधिक उत्तर पुस्तिकाएं पहुंची हैं. स्टेट हायर सेकेंडरी स्कूल में मूल्यांकन कार्य कराए जाने के कारण आसपास के क्षेत्र में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है. 100 मीटर के दायरे में लोगों का प्रवेश भी पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिया गया है. प्रवेश द्वार से लेकर भीतरी क्षेत्र में मूल्यांकन कार्य में जुटे लोगों को ही की अनुमति दी जा रही है. प्रतिदिन एक से डेढ़ हजार कॉपियों का मूल्यांकन सुनिश्चित कराया जा रहा है. चार दिन के भीतर शिक्षकों ने अब तक 24000 से अधिक कॉपियों का मूल्यांकन पूर्ण कर लिया है.
बगैर डेट के बेच रहे 429 पानी की बोतल को किया गया जब्त
राजनांदगांव। ईमाम एंटरप्राईजेस हल्दी से अमृतान्जल पैक्ड ड्रिंकिंग वाटर का नमूना संगृहित कर विनिर्माण तिथि एवं एफएसएसआई. उक्त खाद्य के लेबल पर बैच नंबर, (एफएसएसएआई) लाइसेंस अंकित नहीं ड्रिंकिंग वाटर जब्त कर लिया है. साथ ही होने कारण 429 बोरी अमृतान्जल पैक्ड इस टीम द्वारा संतोष किराना स्टोर्स सुरगी गेंहू आटा का नमूना संकलित कर जांच हेतु खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला प्रेषित किया गया है.
कलेक्टर के आदेशानुसार साधना चंद्राकर वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी के नेतृत्व में विभाग की टीम द्वारा राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ विकास खंड के गुजराती स्वीट्स एवं में बसंतीलाल अग्रवाल औचक निरीक्षण कर गुजराती स्वीट्स से मगज लड्डू एवं मिल्क केक का नमूना एवं मेसर्स बसंतीलाल अग्रवाल से जेम्स कनफेक्शनरी एवं मिर्ची पाउडर का नमूना संकलित किया गया किया गया. उक्त समस्त नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम 2006 के तहत नियमानुसार अग्रिम कार्यवाही की जायेगी.
क्षेत्र की जनता तक सही गुणवत्ता का खाद्य पहुंचे इसलिए खाद्य सुरक्षा विभाग जिले में लगातार निगरानी एवं कार्यवाही कर रहा हैं, खाद्य कारोबारिओ से अपील है कि वे अपने प्रतिष्ठान में सुरक्षित और सही गुणवत्ता के खाद्य पदार्थ का ही विक्रय/ भण्डारण/ प्रदर्शन/विनिर्माण करे. यदि आपको किसी भी प्रतिष्ठान पर मिलावटी या दूषित खाद्य सामग्री बेचे जाने का संदेह हो, तो तुरंत इसकी सूचना खाद्य सुरक्षा विभाग हेल्पलाइन पर दें.



Comments