बेमेतरा टेकेश्वर दुबे ,20 मार्च 2026 : पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) रामकृष्ण साहू (IPS) के निर्देशन पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश कुमार यादव ने चैत्र नवरात्रि पर्व पर ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण कर कानून-व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान वे ग्राम बुचीपुर स्थित महामाया देवी मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने जिलेवासियों की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की।उन्होंने मंदिर में उपस्थित दर्शनार्थियों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा मंदिर समिति के सदस्यों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने समिति को निर्देशित किया कि पर्व के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के सभी आवश्यक पहलुओं पर विशेष ध्यान दिया जाए। विशेष रूप से सप्तमी एवं अष्टमी के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित अधिक भीड़ को ध्यान में रखते हुए भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था एवं सीसीटीवी निगरानी के समुचित इंतजाम करने के निर्देश दिए गए। साथ ही पुलिस अधिकारियों को भी श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए। थाना एवं चौकी प्रभारियों को नवरात्रि पर्व के दौरान अपने-अपने क्षेत्रों के प्रमुख स्थलों का समय-समय पर भ्रमण कर सतत निगरानी रखने एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु निर्देशित किया गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश कुमार यादव ने ग्रामीण क्षेत्रों के भ्रमण के दौरान थाना चंदनू का औचक निरीक्षण किया। एएसपी द्वारा निरीक्षण के दौरान उपस्थित अधिकारी/ कर्मचारियों का मनोबल बढाये जाने के साथ ही कानून व सुरक्षा व्यवस्था को बनाये रखते हुए बेहतर पुलिसिंग के बारे में मार्गदर्शन दिया गया।
एएसपी हरीश कुमार यादव ने नए कानूनों से न्याय प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और तकनीकी रूप से सुदृढ़ होगी। साथ ही समयबद्ध मामलों का शीघ्र निपटारा कर 60 से 90 दिनों के भीतर अभियोग पत्र माननीय न्यायालय में प्रस्तुत करने की आवश्यकता पर बल दिया गया। साथ ही, उन्होंने तलाशी और जब्ती के दौरान फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी को अनिवार्य बताते हुए, मामलों की निष्पक्षता सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने ने अवैध शराब, जुआ, सट्टा, गांजा, नशीली दवाओं और अन्य अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने थाना और चौकी में लंबित अपराधों, मर्ग, गुम इंसान और लंबित शिकायतों के शीघ्र निपटारे की आवश्यकता पर बल दिया।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
कम्यूनिटी पुलिसिंग और अपराध नियंत्रण पर ध्यान देने के साथ-साथ मजबूत सूचना तंत्र विकसित करने के दिशा-निर्देश भी दिए गए। विजिबल पुलिसिंग और चेकिंग अभियान को सक्रिय करने की बात कही। उन्होंने म्यूल अकाउंट धारकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करने और ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी, साइबर क्राइम, और सोशल मीडिया के माध्यम से हो रहे अपराधों के संबंध में सामुदायिक पुलिसिंग के लिए “हमर पुलिस हमर बजार” एवं “हमर पुलिस हमर गांव” अभियान के माध्यम से हॉट/बाजारों एवं ग्रामों में जागरूकता अभियान चलाने आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।
महिलाओं और बच्चों से संबंधित अपराधों के निराकरण एवं गुमशुदा बालक/बालिकाओं की खोजबीन के लिए "ऑपरेशन मुस्कान" के तहत विशेष अभियान चलाने का भी निर्देश दिया गया। संपत्ति संबंधी अपराधों के आदतन आरोपियों पर पैनी नजर रखने और सख्त कार्रवाई करने की बात कही गई। इसके अलावा, चोरी और अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए रात्रि गश्त, पेट्रोलिंग और काम्बिंग गश्त करने के निर्देश दिए गए। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।
उन्होंने सायबर प्रहरी अभियान और त्रिनयन एप के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। "सशक्त एप" के माध्यम से वाहनों की चेकिंग कार्यवाही को प्रभावी बनाने पर जोर दिया।इसके साथ ही, स्मार्ट और हाईटेक पुलिसिंग को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर भी चर्चा की गई।भ्रमण के दौरान थाना प्रभारी चंदनू निरीक्षक दुलेश्वर चंद्रवंशी, महामाया देवी मंदिर समिति के प्रतिनिधि एवं सदस्यगण व जनमानस सहित थाना चंदनू के अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित रहे।



Comments