रायगढ़ : नगर पालिक निगम रायगढ़ ने लंबे समय से टैक्स दबाए बैठे बड़े बकायादारों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय के कड़े निर्देशों के बाद निगम की संयुक्त टीम ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में दबिश देकर सीलिंग और कुर्की की प्रक्रिया तेज कर दी है। इस अभियान के तहत सबसे बड़ी गाज गोरखा सरायपाली चौक स्थित एक पेट्रोल पंप पर गिरी है, जिसे न केवल सील किया गया है, बल्कि उसके संचालक के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराने की तैयारी भी पूरी कर ली गई है।
निगम अधिकारियों के अनुसार, गोरखा सरायपाली चौक स्थित पेट्रोल पंप के संचालक सुनील गर्ग ने टैक्स भुगतान के लिए जो चेक निगम को सौंपा था, वह बैंक में बाउंस हो गया। बार-बार नोटिस देने के बावजूद बकाया राशि जमा नहीं करने और बाउंस चेक देने को निगम ने गंभीर अपराध माना है।
बुधवार को निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर पेट्रोल पंप को पूरी तरह सील कर दिया। अब निगम प्रशासन सुनील गर्ग के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के साथ-साथ न्यायालय में परिवाद दायर करने की विधिक प्रक्रिया शुरू कर रहा है, ताकि अन्य बड़े बकायादारों को कड़ा संदेश दिया जा सके।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
निगम की इस ‘स्ट्राइक’ का असर अन्य इलाकों में भी देखने को मिला। शहीद चौक स्थित महालक्ष्मी ट्रेडिंग कंपनी के शॉपिंग कॉम्प्लेक्स को जब निगम की टीम सील करने पहुंची, तो वहां हड़कंप मच गया।
कार्रवाई से बचने के लिए संचालक निरंजन लाल अग्रवाल ने आनन-फानन में मौके पर ही पूरी बकाया कर राशि का भुगतान कर दिया। इसी तरह सदर हटरी और केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड स्थित निगम की दुकानों के संचालकों ने भी टीम को देखते ही अपना पुराना किराया और टैक्स जमा कर दिया। वहीं, कबीर चौक क्षेत्र में पूर्व में सील की गई एक दुकान के संचालक छोटू बेग ने भी बकाया राशि जमा की, जिसके बाद निगम ने उसकी दुकान की सील खोली।
कठोर कार्रवाई की जद में केवल व्यावसायिक प्रतिष्ठान ही नहीं, बल्कि वे उपभोक्ता भी आए जिन्होंने बार-बार चेतावनी के बाद भी जल कर (वाटर टैक्स) जमा नहीं किया था। निगम की टीम ने आज भक्ति गली निवासी श्याम कुमार डे, गद्दीचौक स्थित आदित्य सांवरिया और शासकीय बुनकर समिति के नल कनेक्शन काट दिए हैं। प्रशासन ने दो टूक शब्दों में कहा है कि जब तक शत-प्रतिशत बकाया राशि जमा नहीं होगी, तब तक इन कनेक्शनों को बहाल नहीं किया जाएगा। इस पूरी मुहिम में निगम के राजस्व विभाग, अतिक्रमण शाखा, स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम सक्रिय भूमिका निभा रही है।
नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने अधिकारियों को स्पष्ट आदेश दिए हैं कि बड़े बकायादारों की सूची के आधार पर बिना किसी भेदभाव के प्राथमिकता से कार्रवाई की जाए। उन्होंने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि नागरिक समय पर अपने करों का भुगतान करें ताकि उन्हें किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई या भारी सरचार्ज का सामना न करना पड़े। आयुक्त ने याद दिलाया कि नागरिकों द्वारा दिए गए टैक्स के माध्यम से ही शहर में विकास कार्य, सड़कों का निर्माण और स्वच्छता जैसी बेहतर जनसुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।



Comments