बुमराह ने बदली कपिल देव की सोच, पूर्व दिग्गज बोले—उसने मुझे गलत साबित किया

बुमराह ने बदली कपिल देव की सोच, पूर्व दिग्गज बोले—उसने मुझे गलत साबित किया

नई दिल्ली : भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान कपिल देव ने कहा है कि जसप्रीत बुमराह ने उन्हें गलत साबित किया है और अब वह इस गेंदबाज के पहले से ज्यादा मुरीद बन गए हैं। कपिल ने कहा है कि जब बुमराह ने करियर शुरू किया था तो उन्हें नहीं लगा था कि इस अजीब एक्शन के साथ वह लंबा खेल पाएंगे। बुमराह ने हाल ही में भारत को टी20 वर्ल्ड कप दिलाने में अहम रोल निभाया था।

बुमराह ने टी20 वर्ल्ड कप के आठ मैचों में 14 विकेट अपने नाम किए थे। आठ मार्च को न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए फाइनल मैच में उन्होंने 15 रन देकर चार विकेट लिए थे। इससे पहले इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए सेमीफाइनल मैच में भी बुमराह ने शानदार गेंदबाजी की थी और भारत को जीत दिलाने में अहम रोल निभाया था।

सोचा नहीं था इतना लंबा खेलेगा

कपिल ने शुक्रवार को प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया के साथ एक्सिस बैंक की साझेदारी की घोषणा के दौरान भारतीय टीम के पूर्व मैनेजर अमृत माथुर से चर्चा में बुमराह की तारीफ की। कपिल से जब पूछा गया कि, "आजकल के टी20 खिलाड़ियों में आपका कोई फेवरेट?", तब कपिल ने बुमराह की जमकर सराहना की।

ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है 

भारत के लिए टेस्ट में 434 विकेट लेने वाले इस पूर्व कप्तान ने कहा, "मुझे लगता है कि बुमराह ने जब करियर शुरू किया था, तब हमने कहा था कि ये लंबे नहीं खेल सकता है। इसको चोट लग जाएगी। इसका एक्शन देखो, लेकिन उन्होंने मुझे गलत साबित किया। जब कोई मुझे गलत साबित करता है तो मैं उसकी सराहना करता हूं। मैं ये नहीं कहता कि तुक्का लग गया। इतने सालों का क्रिकेट ज्ञान होने के बाद हमें लगता ही नहीं था कि इस एक्शन में, इतने छोटे रन अप से इतना पेस जेनरेट करना, मैं कहता था कि ये गिर जाएगा। इसको चोट लग जाएगी, लेकिन उसने 10 साल निकाल दिया और क्या चाहिए।"

अच्छा है हमारे समय टी20 नहीं था

इसी बातचीत के दौरान जब कपिल से पूछा गया कि अगर आपके दौर में टी20 होता तो? इस पर कपिल ने कहा कि अच्छा है उनके समय ये फॉर्मेट नहीं था क्योंकि इसमें गेंदबाजों की जमकर धुनाई होती है।

कपिल ने कहा, "अच्छा है हमारे समय टी20 नहीं था। वो (बल्लेबाज) गेंदबाजों को भूत बना देते हैं। 20 ओवरों में 250 रन बनाते हैं। हमारे समय में 80 ओवरों में नहीं बनते थे। तो एक गेंदबाज होने के नाते आप सोचते हैं कि ये कर क्या रहे हैं। ये टी20 के लड़के शानदार हैं। आपको उनको श्रेय देना होगा। हमारे कई सीनियर और पूर्व क्रिकेटर कहते हैं कि ये बकवास है। मैं कहता हूं कि आपको भी इतने पैसे मिलते न आप बकवास नहीं बोलते। 40 साल पुराने हैं उनसे कहो कि आपको एक महीने में 15 करोड़ मिलेंगे तो कौन मना करेगा।"









You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments