जम्मू-कश्मीर से बड़ी खबर है. यहां सांबा जिले के घगवाल इलाके में रविवार देर रात तेज धमाके से हड़कंप मच गया. लोअर हरसाथ गांव में हुए इस धमाके से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया.हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन विस्फोट इतना तेज था कि आसपास के कई घरों के शीशे टूट गए.
अधिकारियों ने बताया कि यह विस्फोट अंतरराष्ट्रीय सीमा से करीब 10 किलोमीटर दूर घगवाल सेक्टर में स्थित गावाला तालाब में पूर्व सरपंच जयराम शर्मा के घर के मेनगेट के नजदीक देर रात करीब दो बजे हुआ. उन्होंने बताया कि विस्फोट से मुख्य द्वार और चारदीवारी का एक हिस्सा ढह गया, हालांकि इस धमाके में कोई हताहत नहीं हुआ.
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
घटना के बाद इलाके में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी गई है. अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं. उन्होंने बताया कि फॉरेंसिक विशेषज्ञों की एक टीम ने घटनास्थल का दौरा किया और घटनास्थल से नमूने लिए.
उधर स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस तरह कश्मीर घाटी में पहले टारगेट किलिंग की घटनाएं सामने आती रही हैं, उसी तरह की गतिविधियों की आशंका अब जम्मू क्षेत्र में भी जताई जा रही है. इस घटना को भी कई लोग साजिशन हमला मान रहे हैं.
वहीं पूर्व सरपंच जयराम शर्मा ने कहा कि उनके घर को निशाना बनाकर हमला किया गया है. उन्होंने सुरक्षा एजेंसियों से मामले की गंभीरता से जांच करने की मांग की है. वहीं पूर्व डीडीसी सदस्य सुरेश कुमार ने भी घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि यह सुरक्षा के लिहाज से गंभीर मामला है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए.
फिलहाल पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मौके से सबूत जुटा रही हैं और विस्फोट के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही हैं. इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके.



Comments