मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गरियाबंद के 17,575 हितग्राहियों को दी 17.57 करोड़ की सौगात, खातों में सीधे अंतरित हुई राशि

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गरियाबंद के 17,575 हितग्राहियों को दी 17.57 करोड़ की सौगात, खातों में सीधे अंतरित हुई राशि

परमेश्वर राजपूत, गरियाबंद : प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के तहत गरियाबंद जिले के 17 हजार 575 हितग्राहियों के खातों में कुल 17 करोड़ 57 लाख 50 हजार रुपये की राशि सीधे हस्तांतरित की। यह राशि प्रति हितग्राही 10 हजार रुपये के मान से दी गई।मुख्यमंत्री ने बलौदाबाजार स्थित पंडित चक्रपाणि शुक्ल हायर सेकेंडरी स्कूल मैदान में आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में रिमोट का बटन दबाकर राज्य के 4 लाख 95 हजार 965 हितग्राहियों के खातों में कुल 495 करोड़ 96 लाख 50 हजार रुपये की राशि अंतरित की। इस दौरान गरियाबंद जिले में भी जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में किया गया, जहां बड़ी संख्या में हितग्राही और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

जिला स्तरीय कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रोहित साहू थे। उन्होंने सांकेतिक रूप से 12 हितग्राहियों को राशि हस्तांतरण प्रमाण पत्र प्रदान किया। कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।इस अवसर पर नगरपालिका परिषद अध्यक्ष रिखिराम यादव, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती लालिमा ठाकुर, नगरपालिका उपाध्यक्ष आसिफ मेमन, लेखराज धु्रवा, सुरेन्द्र सोनटेके, सोहन धु्रव, सुमित पारख, शेखर साहू सहित कलेक्टर बी.एस. उइके और अपर कलेक्टर श्रीमती ऋषा ठाकुर सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री का लाइव प्रसारण भी देखा गया।

ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कोदोबदर के हितग्राही नरेश निर्मलकर से संवाद किया। नरेश ने बताया कि उन्हें पिछले वर्ष भी इस योजना के तहत 10 हजार रुपये प्राप्त हुए थे, जिससे उन्होंने अपने नाती की पढ़ाई, मकान निर्माण और आवश्यक सामग्री में खर्च किया। साथ ही स्वास्थ्य के लिए जड़ी-बूटी खरीदने में भी इस राशि से मदद मिली। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने सभी हितग्राहियों को बधाई देते हुए कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि योजनाओं का लाभ सीधे लोगों तक पहुंचे, जिससे उनके जीवन स्तर में सुधार हो सके। उन्होंने कहा कि यह योजना ग्रामीण क्षेत्रों के भूमिहीन कृषि मजदूरों के लिए आर्थिक संबल का कार्य कर रही है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक रोहित साहू ने कहा कि यह योजना अपने दूसरे वर्ष में प्रवेश कर चुकी है और द्वितीय किस्त की राशि प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा किए गए वादों को पूरा किया जा रहा है और डबल इंजन की सरकार प्रदेश में तेजी से विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है। सड़कों, पुल-पुलिया, भवन निर्माण सहित कई बड़ी परियोजनाएं प्रदेश और जिले में संचालित हो रही हैं।

उल्लेखनीय है कि दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना का उद्देश्य राज्य के भूमिहीन कृषि मजदूर परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान कर उन्हें सशक्त बनाना है। इस योजना के तहत भूमिहीन कृषि मजदूरों के साथ-साथ वनोपज संग्राहक, चरवाहा, बढ़ई, लोहार, मोची, नाई, धोबी तथा पौनी-पसारी व्यवस्था से जुड़े परिवारों को भी शामिल किया गया है। अनुसूचित क्षेत्रों में पुजारी, बैगा, गुनिया और मांझी परिवारों को भी इस योजना का लाभ दिया जा रहा है।जिले में इस योजना के तहत मिली राशि से हितग्राहियों में उत्साह का माहौल है और उनके जीवन में आर्थिक मजबूती की नई उम्मीद जगी है।









You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments