कोलकाता : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस बार पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव को ममता बनर्जी के 15 सालों से स्थापित भय और भाजपा द्वारा इसे समाप्त कर बंगाली अस्मिता को पुनर्स्थापित करने, घुसपैठ को रोकने, भ्रष्टाचार को लगाम लगाने और राज्य को विकास पर लाने के भाजपा के भरोसे के बीच बताया है।
शाह ने ममता बनर्जी सरकार की विफलताओं के खिलाफ चार्जशीट (आरोप पत्र) जारी करते हुए तृणमूल के 15 वर्षों के शासन में घुसपैठ व महिला अपराधों से लेकर भ्रष्टाचार, सिंडिकेट और घोटालों के बारे में विस्तार से बताया। शाह के अनुसार, भाजपा इसके बाद घोषणा पत्र को ' भरोसा पत्र ' के रूप में जारी करेगी।
अमित शाह ने कहा कि यह चार्जशीट टीएमसी सरकार के 15 वर्षों के काले कारनामों का संकलन है। सोनार बांग्ला का स्वप्न दिखाकर सिंडिकेट राज स्थापित कर बंगाल की जनता का शोषण करने वाले शासन की कहानी है।
टीएमसी के कुशासन में भ्रष्टाचार की प्रयोगशाला बना बंगाल- अमित शाह
उन्होंने कहा कि टीएमसी के कुशासन में बंगाल भ्रष्टाचार की प्रयोगशाला बन चुका है। ऊपर से नीचे तक आपराधिक सिंडिकेट जनता को परेशान कर रहे हैं। विकास के अभाव में बंगाल उद्योग के लिए एक प्रकार से कब्रिस्तान बन चुका है।
शाह ने कहा कि बंगाल का ये चुनाव सिर्फ बंगाल के लिए नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए भी महत्वपूर्ण है। क्योंकि पूरे देश की सुरक्षा बंगाल चुनाव के साथ एक प्रकार से जुड़ी हुई है। शाह के अनुसार यह चार्जशीट एक तरह से बंगाल की जनता द्वारा ममता बनर्जी के खिलाफ लगाया हुआ चार्जशीट है, जिसको भाजपा एक आवाज दे रही है।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
बंगाल के लोग अब विक्टिम कार्ड की राजनीति समझ गए हैं- शाह
भाजपा टीएससी के शासन के खिलाफ जनता के जो मुद्दे हैं, उन्हें पूरी ताकत के साथ उठाएगी। अमित शाह ने कहा कि ममता बनर्जी ने हमेशा विक्टिम कार्ड की राजनीति खेली हैं।
तंज कसते हुए कहा कि चुनाव से पहले कभी उनका पैर टूट जाता है, कभी उनके सिर पर पट्टी बंध जाती है, कभी वह बीमार पड़ जाती हैं, और कभी वह चुनाव आयोग के सामने खड़ी होकर बेबसी का नाटक करती हैं और चुनाव आयोग को गालियां देती हैं। लेकिन मैं उन्हें यह बताने आया हूं कि बंगाल के लोग अब विक्टिम कार्ड की इस राजनीति को अच्छी तरह समझ चुके हैं।
बंगाल की जनता इस बार परिवर्तन का मन बना चुकी है- शाह
शाह ने दावा किया कि बंगाल की जनता इस बार परिवर्तन का मन बना चुकी है। प्रचंड बहुमत के साथ बंगाल में भाजपा की सरकार बननी तय है। उन्होंने पूरे आत्मविश्वास के साथ यहां तक कहा कि बंगाल में चार मई को चुनाव नतीजे आएंगे और छह मई को यहां भाजपा की सरकार गठित हो जाएगी।
'टीएससी ने भय, भ्रष्टाचार, तुष्टीकरण और हिंसा की राजनीति को बढ़ावा दिया'
अमित शाह ने आरोप लगाया कि पिछले 15 वर्षों में टीएससी ने भय, भ्रष्टाचार, तुष्टीकरण और हिंसा की राजनीति को बढ़ावा दिया है। भाजपा 2011 से इस कुशासन के खिलाफ संघर्ष कर रही है और अब जनता परिवर्तन के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि बंगाल में टीएमसी के शासनकाल में उद्योग ठप हो गए हैं और विकास रुक गया है। घुसपैठ, कटमनी और सिंडिकेट राज ने आम लोगों का जीवन कठिन बना दिया है।
उन्होंने कहा कि 2014 के बाद से भाजपा का जनाधार लगातार बढ़ा है और 2026 में पूर्ण बहुमत के साथ भाजपा सरकार बनेगी। यह चुनाव भयमुक्ति, रोजगार, महिलाओं की सुरक्षा, विकास और बुनियादी सुविधाओं के लिए है। गृह मंत्री ने वादा किया कि भाजपा सरकार बनने पर अवैध घुसपैठियों की पहचान कर उन्हें देश से बाहर किया जाएगा और सीमाओं की सुरक्षा को मजबूत किया जाएगा।
भयमुक्त होकर अपने अधिकार का प्रयोग करें- शाह
उन्होंने राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति, महिलाओं की सुरक्षा और विभिन्न भ्रष्टाचार मामलों- जैसे राशन, शिक्षक भर्ती, मनरेगा और अम्फान- को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए। अंत में उन्होंने बंगाल की जनता से अपील की कि वे भयमुक्त होकर अपने अधिकार का प्रयोग करें और राज्य में परिवर्तन लाएं।
पश्चिम बंगाल का भरोसा जीतने के लिए अमित शाह ने भाजपा के सत्ता में आने के बाद अन्य राज्यों को बदहाली से निकलकर सुशासन और विकास की ओर बढ़ने का उदाहरण दिया।
उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और असम में भाजपा की सरकार आने के बाद अपराध और भ्रष्टाचार पर लगाम लगने के साथ ही विकास की गति तेज हुई है । उन्होंने कहा कि भाजपा अन्य राज्यों यह कर चुकी है और अब पश्चिम बंगाल में भी इसे दोहराया जाएगा ।



Comments