सुकमा में मेगा हेल्थ कैंप की शुरुआत, मंत्री केदार कश्यप ने किया शुभारंभ

सुकमा में मेगा हेल्थ कैंप की शुरुआत, मंत्री केदार कश्यप ने किया शुभारंभ

सुकमा: जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में एक बड़ी पहल करते हुए 28 एवं 29 मार्च को मिनी स्टेडियम, सुकमा में जिलास्तरीय “मेगा सुपरस्पेशलिटी हेल्थ कैंप” का आयोजन किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ शासन के वन एवं जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता एवं संसदीय कार्य विभाग मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने विधिवत पूजा अर्चना और दीप प्रज्वलित कर शिविर का शुभारंभ किया।शिविर में हृदय रोग, हड्डी रोग, स्त्री रोग, पेट संबंधी रोग, किडनी, कैंसर, बाल रोग एवं श्वास रोग जैसी गंभीर बीमारियों के विशेषज्ञ डॉक्टर एक ही स्थान पर उपलब्ध हैं। प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने स्वयं भी शिविर में बीपी, शुगर सहित अन्य स्वास्थ्य जांच कराई तथा शिविर में पहुंचे मरीजों से चर्चा कर उनकी स्वास्थ्य समस्याओं की जानकारी ली।

ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है

कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर अमित कुमार ने जिले की प्राथमिक जानकारी प्रस्तुत की। इसके पश्चात प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि वर्षों से नक्सलवाद की पीड़ा को जिले के वनांचल क्षेत्र के लोगों ने सहा है, लेकिन अब शासन द्वारा लगातार विकास एवं स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में ठोस कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि जिले में मेडिकल कॉलेज की स्थापना, आयुष्मान कार्ड के माध्यम से निःशुल्क उपचार, तथा पुवर्ती में उप स्वास्थ्य केंद्र निर्माण जैसे कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब क्षेत्र में विकास की नई राह खुल रही है और नक्सलमुक्ति की दिशा में जिले ने ऐतिहासिक प्रगति की है। प्रभारी मंत्री ने बताया कि जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस मेगा कैंप में हजारों की संख्या में लोग पहुंच रहे हैं तथा लगभग 40 विशेषज्ञ डॉक्टर सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि बैंगलोर मेडिकल कॉलेज, मैसूर मेडिकल कॉलेज और मणिपाल मेडिकल कॉलेज के विशेषज्ञ डॉक्टर इस शिविर में पहुंचे हैं।

इस शिविर की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यहां स्वास्थ्य जांच, विशेषज्ञ परामर्श तथा दवाओं का वितरण पूरी तरह निःशुल्क किया जा रहा है। इससे दूरस्थ और पिछड़े क्षेत्रों के वे नागरिक, जो अब तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित थे, उन्हें सीधे लाभ मिलेगा। कार्यक्रम के समापन अवसर पर जिला सीईओ मुकुन्द ठाकुर ने आभार व्यक्त किया। अंत में प्रभारी मंत्री केदार कश्यप को सम्मान स्वरूप मोमेंटो भेंट किया गया।

कार्यक्रम में कलेक्टर अमित कुमार, एसपी किरण चव्हाण, जिला सीईओ मुकुन्द ठाकुर, कैंसर स्पेशलिस्ट डॉ. मंजूनाथ, एसडीएम सुकमा सूरज कश्यप, महिला आयोग सदस्य सुश्री दीपिका सोरी, नगर पालिका अध्यक्ष हूंगाराम मरकाम, जिला पंचायत उपाध्यक्ष महेश कुंजाम, जनपद उपाध्यक्ष श्रीमती रीना पेद्दी, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्रीमती भुवनेश्वरी यादव, जनप्रतिनिधि धनीराम बारसे, अरुण सिंह भदौरिया, दिलीप पेद्दी, विश्वराज चौहान, संजय सोढ़ी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।









You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments