बार के बाहर विवाद ने लिया हिंसक रूप, मौदहापारा का वीडियो वायरल

बार के बाहर विवाद ने लिया हिंसक रूप, मौदहापारा का वीडियो वायरल

रायपुर: राजधानी रायपुर के मौदहापारा थाना क्षेत्र में बीती रात एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली घटना सामने आई। शहर के व्यस्त इलाके स्काईवॉक के सामने स्थित सतलज बार के बाहर पैसों के लेनदेन को लेकर दो युवकों ने अन्य दो युवकों के साथ जमकर मारपीट की। इस घटना का वीडियो वहां मौजूद एक जागरूक नागरिक द्वारा बनाया गया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना देर रात की बताई जा रही है, जब सतलज बार के बाहर अचानक विवाद शुरू हुआ और देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद पैसों के लेनदेन को लेकर हुआ, जिसमें एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर हमला कर दिया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह आरोपियों द्वारा पीड़ित युवकों के साथ मारपीट की जा रही है।

घटना के दौरान मौके पर देवेंद्र नगर थाना की पेट्रोलिंग टीम भी पहुंची थी। वीडियो बनाने वाले जागरूक नागरिक का दावा है कि उन्होंने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी और पीड़ितों से बातचीत भी करवाई। हालांकि, आरोप है कि पेट्रोलिंग टीम ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और यह कहते हुए पल्ला झाड़ लिया कि यह उनका थाना क्षेत्र नहीं है। साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि पीड़ित युवक शराब के नशे में हैं और उन्हें पास के मौदहापारा थाने ले जाया जाए। कमिश्नरी प्रणाली लागू होने के बाद भी पुलिस की इस तरह की प्रतिक्रिया को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि आपात स्थिति में पुलिस को क्षेत्राधिकार की बजाय तत्काल मदद और कार्रवाई को प्राथमिकता देनी चाहिए। इस घटना ने एक बार फिर पुलिसिंग व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है

वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली एसीपी दीपक मिश्रा स्वयं मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम का जायजा लिया। उन्होंने पीड़ित युवकों से बातचीत कर उनकी शिकायत दर्ज की। पीड़ितों में एक युवक की पहचान अतुल तिवारी के रूप में हुई है, जबकि दूसरे युवक ने खुद को पंडरी निवासी बताया। पीड़ितों ने पुलिस को बताया कि पंडरी इलाके के एक बदमाश गोपाल तांडी ने करीब 10 हजार रुपये के लेनदेन को लेकर उनके साथ मारपीट की। आरोप है कि गोपाल तांडी अपने साथियों के साथ मौके पर आया और बिना किसी चेतावनी के हमला कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

फिलहाल मौदहापारा थाना पुलिस और पेट्रोलिंग टीम मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। साथ ही, पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना के पीछे कोई पुरानी रंजिश या अन्य कारण तो नहीं है। इस घटना के सामने आने के बाद शहर में सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर बहस तेज हो गई है। नागरिकों ने मांग की है कि ऐसे मामलों में त्वरित और सख्त कार्रवाई हो, ताकि अपराधियों में कानून का भय बना रहे और आम लोगों का भरोसा पुलिस पर कायम रहे।









You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments