किरंदुल: नगर के बंगाली कैंप क्षेत्र स्थित हरि मंदिर मार्ग पर लंबे समय से बने खतरनाक गड्ढों से आखिरकार आम जनता को बड़ी राहत मिल गई है। सड़क की जर्जर हालत के कारण राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों और मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी थी कि कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई थी, जिससे क्षेत्र में भय और नाराजगी का माहौल था।स्थानीय नागरिकों एवं श्रद्धालुओं द्वारा इस समस्या को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रूबी शैलेन्द्र सिंह ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने एनएमडीसी प्रबंधन को समस्या से अवगत कराया और शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
पालिका अध्यक्ष के निर्देश पर एनएमडीसी के अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सड़क सुधार कार्य शुरू कराया। एनएमडीसी के सहयोग से गड्ढों को भरने का कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण किया गया। इस दौरान एनएमडीसी के अधिकारी महेश समवेटा स्वयं मौके पर उपस्थित रहे और पूरे कार्य की निगरानी की। वहीं विधायक प्रतिनिधि शैलेन्द्र सिंह की उपस्थिति ने कार्य को और अधिक महत्व प्रदान किया।ठेकेदार सुरेश नायर द्वारा हरि मंदिर के सामने साईं किराना स्टोर से लेकर सुभाष किराना स्टोर चौक तक सड़क के सभी गड्ढों को भरकर मार्ग को पूरी तरह समतल किया गया। अब इस मार्ग पर आवागमन पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित और सुगम हो गया है, जिससे क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली है।
इस सराहनीय कार्य के लिए बंगाली समाज एवं हरि मंदिर के भक्तगणों ने पालिका अध्यक्ष रूबी शैलेन्द्र सिंह, एनएमडीसी प्रबंधन तथा संबंधित अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।यह कार्य प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की संवेदनशीलता एवं त्वरित कार्यशैली का उदाहरण है, जिसने समय रहते एक गंभीर समस्या का समाधान कर क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत पहुंचाई।



Comments