सुकमा : शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करने तथा ग्राम पंचायत स्तर पर प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कोंटा श्री सुभाष शुक्ला एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत कोंटा श्री सुमित ध्रुव के द्वारा ग्राम पंचायत सचिवों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सचिवों को शासकीय दायित्वों के निर्वहन में निष्ठा, सजगता एवं उत्तरदायित्व के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए। साथ ही विभिन्न योजनाओं एवं विभागीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। अधिकारियों द्वारा प्रत्येक नवजात शिशु का जन्म प्रमाण पत्र नियमित रूप से तैयार करने, जन्म पंजीयन रजिस्टर में अनिवार्य प्रविष्टि करने तथा ऑनलाइन इंद्राज सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
इसके साथ ही कोंटा विकासखंड की सभी 67 ग्राम पंचायतों में शत-प्रतिशत राशन वितरण सुनिश्चित करने, उचित मूल्य दुकानों में स्वच्छता एवं खाद्यान्न गुणवत्ता बनाए रखने, तथा अंतिम व्यक्ति तक राशन पहुंचाने के लिए कड़ाई से निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने ग्राम पंचायतों में सोलर स्ट्रीट लाइट की मरम्मत को प्राथमिकता देते हुए जहां मरम्मत आवश्यक है वहां तत्काल कार्य प्रारंभ करने तथा जहां नई आवश्यकता है, उसकी जानकारी 02 दिवस के भीतर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रशासनिक परिसर अंतर्गत स्वीकृत समस्त निर्माण कार्यों को 31 मई 2026 तक अनिवार्य रूप से पूर्ण करने हेतु भी स्पष्ट निर्देश जारी किए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत शेष पात्र हितग्राहियों के दस्तावेज 02 दिवस के भीतर जमा कराने, तथा अपात्र हितग्राहियों के मामलों में अपात्रता प्रस्ताव प्रस्तुत करने हेतु सचिवों को निर्देशित किया गया। इसके अतिरिक्त मनरेगा अंतर्गत ई-केवाईसी (e-KYC) ऑनलाइन पूर्ण करने, स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत IHHL स्वीकृति प्रक्रिया में तेजी लाने तथा लंबित पेंशन प्रकरणों का 02 दिवस के भीतर निराकरण सुनिश्चित करने हेतु भी निर्देश दिए गए।


Comments