छुरा में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन: सम्मान समारोह व संगठनात्मक बैठक में जुटा जनसैलाब, अंशुल तिवारी ने थामा पार्टी का दामन

छुरा में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन: सम्मान समारोह व संगठनात्मक बैठक में जुटा जनसैलाब, अंशुल तिवारी ने थामा पार्टी का दामन

परमेश्वर राजपूत छुरा, गरियाबंद : संगठन सृजन अभियान के तहत ब्लॉक कांग्रेस कमेटी छुरा द्वारा आयोजित सम्मान समारोह एवं आवश्यक संगठनात्मक बैठक  स्थानीय राजमहल प्रांगण में भव्य एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुई। कार्यक्रम में नवगठित ब्लॉक कांग्रेस पदाधिकारियों का सम्मान किया गया तथा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने को लेकर व्यापक मंथन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात मंचासीन अतिथियों का पुष्पगुच्छ से आत्मीय स्वागत किया गया। आयोजन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं आमजन उपस्थित रहे, जिससे पूरा प्रांगण खचाखच भरा नजर आया।इस दौरान छुरा के युवा नेता अंशुल तिवारी ने अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। उन्होंने कहा कि वे लंबे समय से कांग्रेस की विचारधारा से प्रेरित रहे हैं और अब औपचारिक रूप से पार्टी से जुड़कर जनहित के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाएंगे। उनके शामिल होने से संगठन में नई ऊर्जा का संचार होने की बात कही जा रही है।

ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री अमितेश शुक्ल ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस की असली ताकत उसके जमीनी कार्यकर्ता हैं, जो हर परिस्थिति में जनता के साथ खड़े रहते हैं। उन्होंने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश में भ्रष्टाचार, कमीशनखोरी और प्रशासनिक तानाशाही का माहौल है। किसान, मजदूर और आम जनता महंगाई से परेशान हैं, जबकि सरकार केवल दावों तक सीमित है।अध्यक्षता कर रहे जिला कांग्रेस कमेटी गरियाबंद के जिलाध्यक्ष सुखचंद बेसरा ने संगठन की एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि मजबूत संगठन ही चुनावी सफलता की कुंजी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव तक पार्टी की नीतियों को पहुंचाने और जनता की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाने का आह्वान किया।ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष माहेश्वरी शाह ने अपने संबोधन में राज्य सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़, जिसे कभी “धान का कटोरा” कहा जाता था, आज अपनी पहचान खोता जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार जनहित के मुद्दों से भटक चुकी है और मूलभूत सुविधाओं की अनदेखी हो रही है।

कार्यक्रम के दौरान नवगठित पदाधिकारियों को पुष्पमाला एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही संगठन को मंडल, सेक्टर एवं बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए विस्तृत रणनीति तैयार की गई। प्रत्येक स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ताओं की नियुक्ति और जिम्मेदारियों के निर्धारण पर विशेष जोर दिया गया।कार्यक्रम का संचालन ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के महामंत्री हरीश यादव ने किया। आयोजन की संपूर्ण व्यवस्था ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष माहेश्वरी शाह के नेतृत्व में संपन्न हुई। अंत में कोषाध्यक्ष सलीम मेमन ने आभार प्रदर्शन करते हुए सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर महिला जिला कांग्रेस कमेटी की जिलाध्यक्ष मंजू ध्रुव, जिला महामंत्री नीरज ठाकुर, मेघराम बघेल, रमेश शर्मा, प्रहलाद यदु, पन्नालाल ध्रुव, राजकुमारी सोनी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।








You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments