परमेश्वर राजपूत, छुरा/गरियाबंद : छत्तीसगढ़ प्रदेश ठेकेदार एवं राजमिस्त्री मजदूर कल्याण संघ के नव निर्वाचित पदाधिकारियों की घोषणा के बाद पूरे क्षेत्र में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिल रहा है। इसी क्रम में गरियाबंद जिले के छुरा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम टेंगनाबासा निवासी हरिराम सिन्हा को संघ का प्रदेश मंत्री नियुक्त किया गया है। उनके इस महत्वपूर्ण दायित्व मिलने पर क्षेत्रवासियों, शुभचिंतकों और समाजजनों द्वारा लगातार बधाइयां दी जा रही हैं।भिलाई में आयोजित संघ की बैठक एवं नव निर्वाचित पदाधिकारियों के सम्मान समारोह के दौरान इस नियुक्ति की औपचारिक घोषणा की गई। कार्यक्रम में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में प्रतिनिधि एवं सदस्य शामिल हुए। इस अवसर पर नव नियुक्त पदाधिकारियों का सम्मान भी किया गया। हरिराम सिन्हा को प्रदेश मंत्री का दायित्व सौंपे जाने की खबर मिलते ही उनके गृह क्षेत्र छुरा में हर्ष का वातावरण बन गया।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
संघ के अन्य पदाधिकारियों में अध्यक्ष पद पर अशोक पटेल (दुर्ग) को चुना गया है। वहीं संरक्षक के रूप में सागर मोंगरा (जांजगीर-चांपा), महामंत्री के रूप में तिलक देवांगन (धमतरी) तथा कोषाध्यक्ष के रूप में मृत्युंजय भगत (भिलाई) को जिम्मेदारी सौंपी गई है। उपाध्यक्ष पद पर जमुना प्रसाद राजवाड़े (सूरजपुर) एवं ईश्वर साहू (बालोद) को नियुक्त किया गया है। मंत्री मंडल में कपिल नाथ योगी (कवर्धा), तिलक यादव (चारामा) के साथ हरिराम सिन्हा (गरियाबंद) को भी स्थान दिया गया है।प्रदेश मंत्री का दायित्व मिलने के बाद हरिराम सिन्हा ने कहा कि वे संगठन के माध्यम से राजमिस्त्री एवं मजदूर वर्ग के अधिकारों की रक्षा, उनके सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान तथा संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि श्रमिकों की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी।
गौरतलब है कि हरिराम सिन्हा सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र में भी सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। वे वर्तमान में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी में सचिव के पद पर कार्यरत हैं तथा कलार समाज छुरा परिक्षेत्र में कोषाध्यक्ष के रूप में भी अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। क्षेत्र में उनकी सक्रियता, सामाजिक सरोकार और जनसंपर्क के कारण उनकी एक अलग पहचान स्थापित हुई है।
हरिराम सिन्हा की इस उपलब्धि पर ग्राम टेंगनाबासा सहित आसपास के क्षेत्रों में खुशी की लहर है। क्षेत्रवासियों ने विश्वास जताया है कि वे अपने नए दायित्व का ईमानदारी एवं समर्पण के साथ निर्वहन करते हुए श्रमिक वर्ग और समाज के हित में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।


Comments