सुकमा : जिले के दुरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने एवं निर्माणाधीन भवनों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा दुलेड़ पंचायत का निरीक्षण किया गया। इस दौरान निर्माणाधीन पंचायत भवन, सामुदायिक भवन एवं आंगनबाड़ी भवन का बारीकी से जायजा लिया गया और संबंधित विभागों को कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित करते हुए गांव में चौपाल लगाकर जनसमस्याओं को सुना। ग्रामीणों की समस्याओं पर तत्परता दिखाते हुए अधिकारियों ने मौके पर ही कई मामलों के निराकरण हेतु संबंधित कर्मचारियों को तत्काल निर्देश दिए, जिससे ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति विश्वास और संतोष देखने को मिला।
युवाओं को खेल के लिए प्रोत्साहन, क्रिकेट किट का वितरण
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने गांव के युवाओं से मुलाकात कर उन्हें खेल गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। युवाओं के उत्साहवर्धन हेतु क्रिकेट किट का वितरण भी किया गया। प्रशासन की इस पहल को युवाओं ने सराहनीय बताया और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में इसे महत्वपूर्ण कदम माना।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
मिनपा में स्वास्थ्य केंद्र और स्कूलों का निरीक्षण
इसके पश्चात् अधिकारियों द्वारा मिनपा पंचायत में उप स्वास्थ्य केंद्र एवं स्कूलों का निरीक्षण किया गया। स्वास्थ्य सुविधाओं एवं शिक्षा व्यवस्था की स्थिति का आकलन कर आवश्यक सुधार हेतु संबंधित विभागों को दिशा-निर्देश दिए गए।
एलमागुंडा पंचायत में विकास कार्यों की समीक्षा
दौरे के अंतिम चरण में अधिकारियों ने एलमागुंडा पंचायत में निर्माणाधीन पंचायत भवन, सामुदायिक भवन एवं प्राथमिक शाला का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और गति बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
वरिष्ठ अधिकारी रहे उपस्थित
इस निरीक्षण एवं जनसंपर्क कार्यक्रम में एसडीएम कोंटा सुभाष शुक्ला, जनपद सीईओ सुमित ध्रुव, एबीईओ पी. श्रीनिवास राव, सीडीपीओ रितेश टंडन, तहसीलदार योपेंद्र पात्रे सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


Comments