रायगढ़ : एक ही नंबर के फर्जी वाउचर बनाकर दो ट्रांसपोर्ट कर्मियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर ट्रांसपोर्ट व्यवसायी को 32 लाख रूपए का चूना लगाने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। इस बात का खुलासा होने पर ट्रांसपोर्टर ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने 8 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध पंजीबद्ध करते हुए जांच पड़ताल शुरू कर दी है। उक्त वाकया सिटी कोतवाली क्षेत्र का है। इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार ट्रांसपोर्ट व्यवसायी कमल किशोर शाह ने सिटी कोतवाली में लिखित रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि वह और उसका मित्र गजपति चौधरी मिलकर श्री राम ट्रांसपोर्ट का संचालन करते हैं।
ढिमरापुर चौक स्थित उनके कार्यालय में काम करने वाले प्रकाश मिश्रा एवं दीपक शर्मा द्वारा ट्रांसपोर्ट में चलने वाली गाडिय़ों का बिल वाउचर तैयार कर भुगतान के लिए प्रस्तुत किया जाता है, तब उनका भुगतान होता है। 26 फरवरी को जब उसके द्वारा ट्रांसपोर्टरों का भुगतान किया जा रहा था तब एक ही नम्बर के दो-तीन वाउचर मिले। इस पर कमल किशोर ने दीपक शर्मा को बुलाकर पूछा कि दो वाउचर एक ही नम्बर के कैसे बने ? वहीं कम्प्यूटर में वाउचर नंबर डाल कर जांच की तो एक ही नंबर की दो अलग-अलग गाडिय़ां है और उनके वाउचर भी एक ही नंबर के तैयार किये गये हैं। ऐसी गड़बड़ी सामने आने पर जब उसने दीपक शर्मा से कड़ाई से पूछताछ की तब दीपक ने सच उगलते हुए बताया कि वह और प्रकाश मिश्रा लगभग सितम्बर माह से एक ही नम्बर के कई वाउचर तैयार कर भुगतान कराये है।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
इस पर कमल किशोर ने जब सितंबर माह से वर्तमान तक के वाउचरों का मिलान किया तब इस बात का खुलासा हुआ कि संदीप बंसल, जासमीन बंजारा, नेहा चौहान, सूर्यकांत अग्रवाल, कमल बंसोड़ एवं प्रियंका गुप्ता जिनका गाडिय़ों से कोई लेना देना नहीं है, उनके नाम पर डुप्लीकेट वाउचर दूसरे मूल वाउचरो के नम्बर डालकर तैयार किये गये हैं और उनका भुगतान कराया गया है। इस वजह से उनकी फर्म को लगभग 32 लाख रूपए की क्षति पहुंची है। कमल किशोर शाह ने बताया कि जिनके नाम से नकली वाउचर बनाये गये हैं वे सभी उसके यहां काम करने वाले प्रकाश मिश्रा एवं दीपक शर्मा के सहयोगी के रूप में कार्य किये है और उनके द्वारा अपने खातो में रकम प्राप्त की गई है।
कमल किशोर शाह की रिपोर्ट पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी प्रकाश मिश्रा एवं दीपक शर्मा सहित संदीप बंसल, जासमीन बंजारा, नेहा चौहान, सूर्यकांत अग्रवाल, कमल बंसोड़ एवं प्रियंका गुप्ता के विरूद्ध बीएनएस की धारा 316 (5), 338, 336 (3), 340 (2), 60 के तहत अपराध पंजीबद्ध करते हुए मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।


Comments