नकुलनार/दंतेवाड़ा : दंतेवाड़ा जिले के नकुलनार क्षेत्र में संचालित ArcelorMittal (आर्सेलर मित्तल निप्पॉन स्टील) कंपनी एक बार फिर विवादों में घिरती नजर आ रही है। प्लांट से निकलने वाली लाल मिट्टी अब स्थानीय लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बनती जा रही है। जानकारी के अनुसार, कंपनी की गाड़ियों द्वारा भारी मात्रा में लाल मिट्टी खुलेआम सड़कों पर गिराई जा रही है। इस लापरवाही के कारण सड़कों पर फिसलन बढ़ गई है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि तेज रफ्तार में दौड़ते भारी वाहन मिट्टी गिराते हुए निकल जाते हैं, लेकिन सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं किए जाते।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि कंपनी के ट्रक रोजाना सैकड़ों चक्कर लगाते हैं, जिससे सड़कें पूरी तरह से लाल मिट्टी से पट जाती हैं। बारिश या नमी के कारण यह मिट्टी और ज्यादा खतरनाक हो जाती है, जिससे वाहन चालकों को संतुलन बनाए रखना मुश्किल हो जाता है। कई जगहों पर तो मिट्टी के ढेर के कारण रास्ता तक बाधित हो रहा है।ग्रामीणों ने बताया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद कंपनी की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। लोगों का कहना है कि यह सिर्फ असुविधा नहीं बल्कि सीधे तौर पर उनकी जान के साथ खिलवाड़ है। वहीं, कई मामलों में मवेशियों के साथ-साथ लोगों को भी चोटें आई हैं, जिससे आर्थिक नुकसान भी झेलना पड़ रहा है।
सबसे चिंताजनक बात यह है कि सड़कों पर जमी लाल परत के कारण फिसलन लगातार बढ़ रही है। धूल और मिट्टी के गुबार से लोगों को चलना-फिरना तक मुश्किल हो गया है। खासकर बाइक सवारों और पैदल चलने वालों के लिए यह रास्ते जानलेवा साबित हो रहे हैं।ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मिट्टी परिवहन में सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराया जाए। साथ ही वाहनों की गति पर नियंत्रण, ढंके हुए ट्रकों का उपयोग और तय मार्गों का पालन सुनिश्चित किया जाए।लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।


Comments