आजकल कार लेने की बात आते ही सबसे पहला जिक्र SUV का होता है. कभी सड़कों की 'डॉन' रही सेडान कारों के लिवाल अब बचे नहीं. हर किसी को शानदार रोड प्रेजेंस वाली बड़ी गाड़ी चाहिए.हर कोई बड़े साइज, स्टाइल और दमदार लुक के कॉम्बिनेशन वाली गाड़ी में घूमी-घूमी करने का सोचता है. अगर आप भी ऐसी ही किसी SUV की तलाश में और आपका बजट 20 लाख के अल्ले-पल्ले है तो आप का गियर सही जगह लगा है. हम आपको ऐसी ही कुछ असली वाली SUV बताते हैं. 'नकली' SUV भी बताएंगे, मगर लास्ट में.
MG Hector
MG Hector माने बोल्ड क्रोम ग्रिल और लंबा बोनट. दूर से अलग दिख जाती है. इसका बोल्ड लुक इसे इसी साइज की कई अन्य SUV की तुलना में ज्यादा बड़ी और पावरफुल गाड़ी बनाता है. SUV का बेस पेट्रोल वेरिएंट 11.99 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) से शुरू होता है. Hector में 1.5 लीटर टर्बो-पेट्रोल इंजन दिया गया है, जो मैनुअल और CVT ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन विकल्पों में उपलब्ध है. टॉप वेरिएंट 141 bhp की पावर और 250 Nm का टॉर्क जनरेट करता है.
एमजी हेक्टर 7 वेरिएंट में उपलब्ध है, जिनमें एमजी हेक्टर स्टाइल 5 स्टार बेस मॉडल है और एमजी हेक्टर सैवी प्रो 5 सीटर सीवीटी टॉप मॉडल है. लंबे कद के व्यक्तियों के लिए अच्छा खासा केबिन स्पेस दिया गया है इसमें. टेक्नोलॉजी बेस्ड फीचर्स भी आपको खूब मिलेंगे. टॉप मॉडल का दाम 19.19 लाख रुपये एक्स शोरूम है.
Tata Harrier
देसी लोहे से बनी Harrier अपने ऊंचे और चौड़े स्टांस के कारण इस सेगमेंट में एक प्रीमियम लुक देती है. इसकी हाई बेल्टलाइन और मस्कुलर व्हील आर्च इसे सड़क पर एक दमदार और बड़ा SUV जैसा लुक देते हैं. Harrier 1.5 लीटर टर्बो-पेट्रोल इंजन और 2.0 लीटर टर्बो-डीजल इंजन के साथ उपलब्ध है, दोनों ही 6-स्पीड मैनुअल या टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के साथ आते हैं.
SUV में Harrier एक पुराना और भरोसे का नाम है. बेस मॉडल जहां 12.89 लाख एक्स शोरूम से स्टार्ट होता है तो टॉप मॉडल 25.35 लाख रुपये एक्स शोरूम तक जाता है. हैरियर 48 वेरिएंट में उपलब्ध है, जिसमें हैरियर पेट्रोल स्मार्ट बेस मॉडल है और टाटा हैरियर फियरलेस एक्स प्लस स्टेल्थ एटी टॉप मॉडल है. अपने बजट और अपनी जरूरत के हिसाब से चुन लीजिए. Harrier के समान प्लेटफॉर्म पर बनी Tata Safari भी एक बढ़िया ऑप्शन है. Safari की शुरुआती कीमत 13.29 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) है.
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
Mahindra Scorpio N
इस SUV की शुरुआती कीमत 13.49 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) है. Scorpio N 2.0-लीटर टर्बो-पेट्रोल इंजन और 2.2-लीटर टर्बो-डीजल इंजन विकल्पों के साथ उपलब्ध है, दोनों ही 6-स्पीड मैनुअल या 6-स्पीड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन के साथ आते हैं. टॉप मॉडल का दाम 24.95 लाख रुपये एक्स शोरूम है. स्कॉर्पियो एन 43 वेरिएंट में उपलब्ध है, जिसमें स्कॉर्पियो एन जेड2 ई बेस मॉडल है और महिंद्रा स्कॉर्पियो एन जेड8एल डीजल 4x4 एटी टॉप मॉडल है.
स्कॉर्पियो एन दिखने में काफी रग्ड है. जिसका मतलब ये हुआ कि ये आसानी से सबका ध्यान अपनी ओर खींच लेती है. सेफ्टी के लिए इस SUV में 6 एयरबैग, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल (ईएससी), टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम (टीपीएमएस), फ्रंट और रियर पार्किंग सेंसर, आईएसओफिक्स चाइल्ड सीट एंकर और फ्रंट और रियर कैमरा दिए गए हैं. हालांकि बिना किसी सीट को फोल्ड किए आपको इस कार में ना के ही बराबर बूट स्पेस मिलेगा और आप केवल छोटे बैग्स इसमें रख सकते है.
Mahindra Thar Roxx
वैसे तो थार एक ऑफ रोड व्हीकल है, मतलब इसको चलाने का असली मजा तो ऊबड़-खाबड़ रास्तों पर ही आता है. आजकल इसका भौकाल सड़कों पर भी खूब है. Mahindra Thar Roxx 5-डोर कॉन्फ़िगरेशन के साथ बॉक्सी डिजाइन में आती है. इसका बेस वेरिएंट 12.39 करोड़ रुपये (एक्स-शोरूम) और टॉप मॉडल 22.82 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) में उपलब्ध है. यह SUV 2.0 लीटर टर्बो-पेट्रोल इंजन और 2.2 लीटर टर्बो-डीजल इंजन के विकल्प में उपलब्ध है.
ये SUV ऑफ रोडर स्टाइल और मॉडर्न कार का एक अच्छा कॉम्बिनेशन है. हालांकि राइड कंफर्ट के मोर्चे पर ये काफी धैर्य मांगती है. थार रॉक्स का बूट स्पेस 447 लीटर है. चूंकि इसमें पार्सल शेल्फ नहीं दी गई है इसलिए आप अपना साामान जैसे चाहें वैसे रख सकते हैं.
अब जरा बात नकली SUV की भी कर लेते हैं. अरे वही जिनको 'Compact SUV' कहते हैं. GST के मुताबिक SUV होने के लिए किसी भी कार को तीन पैरामीटर पूरे करने ही होंगे. कार का इंजन 1500CC होना चाहिए. उसकी लंबाई 4000mm और ग्राउंड क्लियरेंस कम से कम 170mm होना चाहिए. इनमें ये तीनों थोड़े कम होते हैं. जैसे 1500 की जगह 1497 सीसी. बाकी आप इधर क्लिक करके जान लो.


Comments