आज की हलचल : सीएम विष्णुदेव साय आज रायपुर में विभिन्न कार्यक्रमों में होंगे शामिल,अंबेडकर जंयती पर भाजपा प्रदेशभर में करेगी कार्यक्रम,पढ़े और भी खबरें

आज की हलचल : सीएम विष्णुदेव साय आज रायपुर में विभिन्न कार्यक्रमों में होंगे शामिल,अंबेडकर जंयती पर भाजपा प्रदेशभर में करेगी कार्यक्रम,पढ़े और भी खबरें

रायपुर : सीएम विष्णुदेव साय आज रायपुर में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे. वह दोपहर एक बजे शंकर नगर के दुर्गा मैदान में डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती पर आयोजित समरसता भोज में शामिल होंगे. इसके बाद दोपहर 2 बजे रायपुर के कलेक्ट्रेट चौक जाएंगे, जहां सीएम डॉ. भीमराव अंबेडकर की मूर्ति का अनावरण करेंगे. 

अंबेडकर जंयती पर भाजपा प्रदेशभर में करेगी कार्यक्रम 

रायपुर. भीमराव अंबेडकर की 136वीं जयंती पर भाजपा आज प्रदेशभर में कार्यक्रम करेगी. सभी कार्यालयों में माल्यार्पण और विचार गोष्ठी का आयोजन होगा. बूथ स्तर तक जयंती मनाने की तैयारी की गई है. समरसता भोज के जरिए विशेष संपर्क अभियान चलाया जाएगा. साथ ही PM मोदी और CM साय का संदेश घर-घर पहुंचाया जाएगा. वहीं रायपुर में आयोजित मुख्य कार्यक्रमों में बड़े नेता शामिल होंगे. BJP प्रदेश अध्यक्ष किरण देव भी कार्यक्रमों में मौजूद रहेंगे. 15 से 20 अप्रैल तक अलग-अलग जिलों में संगोष्ठियों का आयोजित होंगी. इस दौरान सामाजिक संस्थाओं और समाज प्रमुखों का सम्मान किया जाएगा.

ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है

कांग्रेस सरकार ने रखी थी संसद, विधानमंडलों में महिला आरक्षण की नींव : PCC

रायपुर. कांग्रेस ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को भाजपा की राजनीतिक मजबूरी करार दिया. वहीं दावे किए कि कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार ने लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं के 33 फीसदी आरक्षण की मजबूत नींव रखी थी. पीसीसी प्रवक्ता वंदना राजपूत के मुताबिक यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी महिला आरक्षण के लिए प्रतिबद्ध थी. कांग्रेस ने जब राज्यसभा में महिला आरक्षण बिल प्रस्तुत किया तब भाजपा और सहयोगी दलों ने विरोध किया था. यह बिल संसद में आज भी जीवित है. राज्यसभा में पारित बिल कभी समाप्त नहीं होता. पीसीसी प्रवक्ता ने दावे किए कि वह कांग्रेस द्वारा बढ़ाया गया मजबूत कदम था. भाजपा तो महिलाओं को दोयम दर्जे का समझने वाली आरएसएस विचारधारा पोषित दल है. कांग्रेस शुरू से ही आधी आबादी को उनका पूरा हक देने, संसद और राज्यों विधानमंडलों में महिलाओं को आरक्षण की हिमायती रही है.

डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती पर कांग्रेस आज कार्यक्रम आयोजित करेगी. सुबह 10 बजे कांग्रेस भवन गांधी मैदान में कार्यक्रम होंगे. इसके बाद सुबह 11 बजे राजीव भवन शंकर नगर में दूसरा कार्यक्रम आयोजित होगा. प्रदेश कांग्रेस के सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं को आमंत्रण किया गया है. सांसद, पूर्व विधायक, पार्षद सहित वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति रहेगी. महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, NSUI सहित सभी प्रकोष्ठ भी शामिल होंगे. सभीबाबा साहेब के विचारों को याद कर सम्मान देंगे.

प्रदेशभर की ग्राम पंचायतों में अंबेडकर जयंती पर ग्रामसभा

अंबेडकर जयंती पर प्रदेशभर की ग्राम पंचायतों मुख्यालयों में ग्रामसभा आयोजित होंगे. छत्तीसगढ़ पंचायत राज अधिनियम 1993 के तहत ग्रामसभाएं लगेंगी. ग्रामसभा निर्णयों की 15 मिनट वीडियो रिकॉर्डिंग अनिवार्य की गई है. रिकॉर्डिंग को मोबाइल ऐप में अपलोड करना जरूरी होगा. वहीं केंद्र सरकार के पंचायती राज मंत्रालय का नया AI पोर्टल लागू किया जाएगा. “सभासार” पोर्टल से ग्रामसभा का विवरण तैयार होगा . “वाइब्रेंट ग्राम सभा पोर्टल” में 100 प्रतिशत अपलोड सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं.

PAT-PPVT के लिए आवेदन 27 अप्रैल तक

रायपुर. छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मण्डल द्वारा इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, महात्मा गांधी उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय तथा दाऊ वासुदेव चंद्राकर कामधेनु विश्वविद्यालय के अंतर्गत संचालित 33 कृषि महाविद्यालयों, 4 कृषि अभियांत्रिकी महाविद्यालयों, 17 उद्यानिकी महाविद्यालयों के साथ ही 1-1 वानिकी महाविद्यालय, खाद्य प्रौद्योगिकी महाविद्यालय, पशु चिकित्सा महाविद्यालय, दुग्ध प्रौद्योगिकी महाविद्यालय एवं मत्स्य पालन महाविद्यालय में अकादमी सत्र 2026 में प्रवेश हेतु (पी.ए.टी एवं पी.पी.वी.टी) 21 जून को परीक्षा का आयोजन किया जाएगा. इन प्रवेश परीक्षाओं के लिए 27 अप्रैल तक ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है. इन परीक्षाओं का आयोजन छत्तीसगढ़ के सभी 33 जिला मुख्यालयों में निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा. आवेदकों द्वारा ऑनलाइन आवेदन करते समय परीक्षा शुल्क का भुगतान ऑनलाइन व्यवस्था से किया जाएगा. शासन के नियमानुसार छत्तीसगढ़ राज्य के स्थानीय निवासी आवेदक, जो परीक्षा में उपस्थित होते हैं, उनका परीक्षा शुल्क व्यापम द्वारा वापस कर दिया जाएगा.








You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments