दुर्ग: प्रदेश में लगातार बढ़ती भीषण गर्मी को देखते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी छत्तीसगढ़ के सचिव अय्यूब खान के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने आज जिला कलेक्ट्रेट पहुंचकर जनदर्शन कार्यक्रम में ज्ञापन सौंपा।अय्यूब खान ने बताया कि वर्तमान में प्रदेश सहित जिले में तापमान तेजी से बढ़ते हुए 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, और आने वाले दिनों में इसके और बढ़ने की संभावना है। ऐसी स्थिति में स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।ज्ञापन के माध्यम से कलेक्टर के जरिए राज्य सरकार, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव से मांग की गई है कि प्रदेश के सभी शासकीय एवं निजी स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित किया जाए अथवा स्कूलों के समय में परिवर्तन किया जाए।उन्होंने सुझाव दिया कि स्कूलों का संचालन सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक ही किया जाए। साथ ही सुबह 8 बजे के बाद खुले मैदान या धूप में होने वाली सभी गतिविधियों को तत्काल प्रभाव से बंद करने के निर्देश जारी किए जाएं।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
अय्यूब खान ने कहा कि छोटे बच्चों सहित सभी विद्यार्थियों के स्वास्थ्य, शारीरिक एवं मानसिक विकास को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय अत्यंत आवश्यक है। कई स्कूलों से शिकायतें मिल रही हैं कि गर्मी के कारण बच्चों को अत्यधिक परेशानी हो रही है, विशेषकर बहुमंजिला भवनों में जहां पंखे और कूलर भी प्रभावी नहीं हैं। साथ ही, बढ़ती विद्युत कटौती की समस्या भी स्थिति को और गंभीर बना रही है।
उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि बच्चों के हित में शीघ्र निर्णय लेते हुए स्कूलों का समय सुबह निर्धारित कर दोपहर 12 बजे तक बंद करने के निर्देश जारी किए जाएं।इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में प्रमुख रूप से अय्यूब खान, पुरुषोत्तम सोनवानी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता मो. रफीक, जसवंत गायकवाड एवं बलविंदर सिंह उपस्थित थे।


Comments