राजनांदगांव: ग्रामीण विकास को नई गति देते हुए विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने शुक्रवार को 9 करोड़ 78 लाख 20 हजार रुपये की लागत से 154 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। वे रायपुर स्थित अपने विधानसभा निवास कार्यालय से वर्चुअल माध्यम से जुड़े और राजनांदगांव विधानसभा क्षेत्र के 15 स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में एक साथ भाग लिया। इस दौरान 59 ग्राम पंचायतों को विभिन्न विकास कार्यों की बड़ी सौगात मिली।कार्यक्रम में सांसद संतोष पाण्डेय भी वर्चुअल रूप से जुड़े, जबकि पूर्व सांसद अभिषेक सिंह ग्राम पंचायत रानीतराई में आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित रहे।डॉ. रमन सिंह ने कहा कि एक साथ इतनी बड़ी संख्या में विकास कार्यों की शुरुआत क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि इन कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आएगा। उन्होंने यह भी बताया कि अचानकपुर-भाटापारा, नवागांव और गठुला में अटल डिजिटल सेवा केंद्रों का लोकार्पण किया गया है, जिससे ग्रामीणों को बैंकिंग और शासकीय सेवाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध होंगी।उन्होंने महिलाओं की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए नारी शक्ति वंदन अधिनियम का उल्लेख किया और कहा कि इससे लोकतंत्र और अधिक मजबूत होगा। साथ ही उन्होंने आगामी जनगणना 2027 के प्रथम चरण की जानकारी देते हुए नागरिकों से स्व-गणना प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
डॉ. सिंह ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा शुरू किए जा रहे “सुशासन तिहार 2026” अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि 1 मई से 10 जून तक ग्राम पंचायतों में शिविर लगाकर राजस्व, बिजली, पेयजल, प्रमाण पत्र और अन्य समस्याओं का मौके पर समाधान किया जाएगा।पूर्व सांसद अभिषेक सिंह ने लगभग 10 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पेयजल और आवास जैसी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने जल संरक्षण पर जोर देते हुए ग्रामीणों से वर्षा जल संचयन के लिए सामूहिक प्रयास करने की अपील की।कार्यक्रम में विभिन्न जनप्रतिनिधि और पंचायत पदाधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे। बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता ने इस आयोजन को जनउत्सव का रूप दे दिया।


Comments