महासमुंद : कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार जिला शिक्षा अधिकारी विजय लहरे द्वारा जिले के समस्त विकासखंड शिक्षा अधिकारियों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शिक्षा विभाग अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं, कार्यक्रमों एवं प्रशासनिक कार्यों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा विकासखंडवार प्रगति की जानकारी ली गई तथा अपेक्षित प्रगति न होने पर संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि आगामी सुशासन तिहार शासन की महत्वपूर्ण प्राथमिकता है, अतः शिक्षा विभाग से संबंधित सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं। जिला शिक्षा अधिकारी लहरे ने विद्यार्थियों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्देशित किया कि अपार आईडी एवं जाति प्रमाण पत्र निर्माण का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण किया जाए। बैठक में डीफ एवं इनऑपरेटिव खातों की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया गया कि सभी निष्क्रिय खातों को तत्काल सक्रिय किया जाए तथा शेष राशि को नियमानुसार शासन के पक्ष में जमा करने की कार्यवाही पूर्ण की जाए। इस संबंध में लापरवाही पाए जाने पर उत्तरदायित्व निर्धारित करने की बात भी कही गई। नवीन शैक्षणिक सत्र को दृष्टिगत रखते हुए पाठ्य पुस्तकों एवं गणवेश की उपलब्धता पर विशेष जोर दिया गया। विद्यालयों में समय पर पाठ्यपुस्तकों का वितरण सुनिश्चित करने तथा गणवेश वितरण की कार्यवाही में पारदर्शिता एवं गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
इसी तरह विकासखंड स्तर पर संचालित निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधूरे कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने, निर्माण की गुणवत्ता बनाए रखने तथा कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए। बैठक में कर्मयोगी पोर्टल के माध्यम से संचालित ऑनलाइन प्रशिक्षण की प्रगति की भी समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि सभी शिक्षक एवं कर्मचारी अनिवार्य रूप से निर्धारित समय-सीमा में अपना प्रशिक्षण पूर्ण करें, जिससे उनकी कार्यक्षमता एवं दक्षता में वृद्धि हो सके। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे नियमित रूप से विद्यालयों का निरीक्षण करें एवं जमीनी स्तर पर योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करते रहें। इस अवसर पर डीएमसी रेखराज शर्मा, सहायक संचालक एन.के. सिन्हा, एडीपीओ प्रमोद कन्नौजे, बीईओ महासमुंद लीलाधर सिन्हा, एबीईओ बागबाहरा रामता मन्नाडे, लोकेश्वर कंवर, पूर्णानंद मिश्रा एवं बीईओ टी.सी. पटेल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


Comments