रायपुर : राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (ईओडब्ल्यू) की जांच में कोयला घोटाले के प्रमुख आरोपी आईएएस समीर विश्नोई की लगभग 4 करोड़ रुपए मूल्य की 9 अवैध अचल सम्पत्तियों का पता चला. इस पर पेश आवेदन पर विशेष न्यायालय, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, रायपुर के संपत्ति को कुर्क करने का आदेश जारी किया है.
कोयला घोटाले के प्रमुख आरोपी 2018 में भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी समीर विश्नोई के विरूद्ध राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो ने अपराध क्रमांक 23/2024 धारा 13 ( 1 ) बी, 13 ( 2 ) पीसीएक्ट 1988 यथासंशोधित के तहत आय से अधिक सम्पत्ति का मामला पंजीबद्ध किया गया है.
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
जांच में पता चला कि समीर विश्नोई ने अपने परिवार के सदस्यों एवं विभिन्न फर्मों के नाम पर करोड़ों रुपए की अवैध अचल सम्पत्ति अर्जित की है. कोयला घोटाले की चल रही जांच के दौरान प्रवर्तन निदेशालय ने समीर विश्नोई की 5 अचल सम्पत्तियों को अटैच किया था. जांच के दौरान लगभग 4 करोड़ की 9 अतिरिक्त अवैध अचल सम्पत्तियों का पता चला, जिसे कुर्क करने के लिए विशेष अदालत में ईओडब्ल्यू की ओर से आदेवन दिया गया.
विशेष न्यायालय के संपत्तियों को कुर्क करने के आदेश के साथ ही समीर विश्नोई द्वारा अर्जित की गई अचल सम्पत्तियों की बिक्री पर पूर्णतः रोक लग गई है. इसके पूर्व सौम्या चौरसिया के अवैध अचल सम्पत्तियों की भी कुर्की की कार्रवाई न्यायालय के आदेश से कराई गई है. ब्यूरो ने बताया कि पंजीबद्ध अपराधों में अन्य आरोपी लोक सेवकों के विरूद्ध भी सम्पत्ति कुर्की की कार्यवाही प्रक्रियाधीन है.


Comments