अरुण शर्मा संवाददाता किरंदुल : मेटल माइंस वर्कर्स यूनियन (इंटक) द्वारा कैडर डेवलपमेंट के तहत चलाए जा रहे प्रशिक्षण कार्यक्रम की कड़ी में पंचम सप्ताह के अवसर पर 19 अप्रैल 2026 को “साइबर फ्रॉड एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव” विषय पर एक विशेष सत्र का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में किरंदुल थाना प्रभारी टीआई संजय यादव ने श्रमिकों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।अपने संबोधन में उन्होंने बताया कि आज के डिजिटल युग में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं और थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े नुकसान का कारण बन सकती है। उन्होंने फर्जी कॉल, फिशिंग लिंक, यूपीआई फ्रॉड, लॉटरी ठगी, सोशल मीडिया हैकिंग और फेक ऐप्स जैसे विभिन्न प्रकार के ऑनलाइन धोखाधड़ी के तरीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
थाना प्रभारी ने श्रमिकों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति से ओटीपी, पासवर्ड या बैंक जानकारी साझा न करें, संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें और केवल आधिकारिक ऐप्स का ही उपयोग करें। उन्होंने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी देते हुए किसी भी ठगी की स्थिति में तुरंत शिकायत दर्ज कराने की अपील की।कार्यक्रम के दौरान श्रमिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी जिज्ञासाएं भी रखीं, जिनका समाधान सरल तरीके से किया गया। यह प्रशिक्षण सत्र श्रमिकों के लिए ज्ञानवर्धक और उपयोगी साबित हुआ, जिससे उनमें डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ी।यूनियन के इस प्रयास को श्रमिकों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है, जो उन्हें सुरक्षित और जागरूक बनाने में सहायक सिद्ध हो रही है।


Comments