परमेश्वर राजपूत,गरियाबंद/छुरा : नगर पंचायत क्षेत्र में पिछले छह महीनों से वृद्धा पेंशन का भुगतान लंबित होने के कारण गरीब महिलाओं और बुजुर्गों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जिन हितग्राहियों के लिए यह पेंशन ही जीवनयापन का मुख्य आधार है, उनके सामने अब रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करना भी कठिन हो गया है। पेंशन नहीं मिलने से कई बुजुर्गों की आर्थिक स्थिति कमजोर हो गई है और वे दूसरों पर निर्भर होने को मजबूर हैं।इस गंभीर समस्या को संज्ञान में लेते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष लुकेश्वरी थानसिंग निषाद ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को अवगत कराया है। उन्होंने बताया कि इस विषय को लेकर उच्च स्तर पर भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि शीघ्र समाधान सुनिश्चित हो सके। अध्यक्ष ने भरोसा जताया कि प्रदेश सरकार जनकल्याण के प्रति संवेदनशील है और मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में जल्द ही पेंशन भुगतान शुरू होने की उम्मीद है।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
अध्यक्ष निषाद ने कहा कि एक जनप्रतिनिधि के रूप में उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है कि क्षेत्र की जनता को समय पर योजनाओं का लाभ मिले। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि समस्या का जल्द निराकरण नहीं होता है, तो वे प्रभावित बुजुर्गों के साथ शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से धरना प्रदर्शन करने को भी बाध्य होंगी, ताकि प्रशासन का ध्यान इस ओर आकर्षित किया जा सके।उन्होंने यह भी कहा कि उनका उद्देश्य किसी प्रकार का विरोध करना नहीं, बल्कि जनहित में समाधान सुनिश्चित करना है। सभी पात्र हितग्राहियों को समय पर पेंशन मिले, यही उनकी प्राथमिकता है, जिससे शासन के प्रति जनता का विश्वास और अधिक मजबूत हो सके।स्थानीय नागरिकों ने भी प्रशासन से मांग की है कि लंबित पेंशन का भुगतान जल्द से जल्द किया जाए, ताकि बुजुर्गों को राहत मिल सके और वे सम्मानपूर्वक अपना जीवन यापन कर सकें।


Comments