कोरिया : जनपद पंचायत बैकुण्ठपुर एवं सोनहत क्षेत्र में 06 अप्रैल से 17 अप्रैल 2026 के बीच आयोजित जनसमस्या निवारण शिविरों में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं दर्ज कराईं। शिविर के दौरान कुल 1294 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 760 का निराकरण कर दिया गया, जबकि 534 आवेदन लंबित हैं।
प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, कुल आवेदनों में 1381 मांग से संबंधित और 189 शिकायतें, समस्या शामिल हैं। इनमें से मांग श्रेणी के 656 तथा शिकायतों के 104 मामलों का निराकरण किया गया है। राजस्व और पंचायत विभाग में सबसे ज्यादा आवेदन प्राप्त हुए हैं। विभागवार समीक्षा में तहसीलदार (राजस्व) कार्यालय में सर्वाधिक 724 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 402 का निराकरण हुआ, जबकि 322 प्रकरण लंबित हैं। जनपद पंचायत में 251 आवेदन आए, जिनमें से 98 का निराकरण कर 153 आवेदन लंबित है।स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग में 92 में से 67 तथा विद्युत विभाग में 88 में से 74 मामलों का निराकरण किया गया। कई विभागों का शत-प्रतिशत प्रदर्शन रहा।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
जल संसाधन, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क जैसे विभागों ने सभी प्राप्त आवेदनों का निराकरण कर बेहतर कार्य प्रदर्शन किया है। कृषि विभाग ने भी लगभग सभी मामलों का समाधान किया। जनपद पंचायत सोनहत अंतर्गत आयोजित शिविरों में कुल 276 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 268 मांग एवं 8 शिकायतें शामिल हैं। यहां राजस्व विभाग में सबसे अधिक 116 आवेदन दर्ज हुए, जिनमें पट्टा, सीमांकन एवं ऋण पुस्तिका से संबंधित मामले प्रमुख रहे। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क निर्माण, हैंडपंप मरम्मत, सोलर पंप सुधार, आवास एवं मनरेगा कार्यों से जुड़ी समस्याएं भी प्रमुख रूप से सामने आईं। विशेष रूप से राजस्व और पंचायत स्तर पर लंबित मामलों को शीघ्र निपटाने की आवश्यकता महसूस की जा रही है। स्थानीय प्रशासन ने शेष मामलों के त्वरित निराकरण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए हैं।


Comments