एमसीबी : जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे द्वारा नवीन मेडिकल कॉलेज के निर्माण कार्यों का विस्तृत निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से निर्माण की प्रगति, गुणवत्ता एवं निर्धारित समय-सीमा की जानकारी प्राप्त की।निरीक्षण के दौरान डॉ. अविनाश खरे ने निर्माण कार्य की गति को तेज करने एवं गुणवत्ता में किसी प्रकार की कमी न होने देने के निर्देश दिए। साथ ही भविष्य में मेडिकल कॉलेज में उपलब्ध कराई जाने वाली स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ एवं प्रभावी बनाने हेतु आवश्यक सुझाव भी दिए। निरीक्षण के पश्चात सीएमएचओ द्वारा सिविल अस्पताल, मनेंद्रगढ़ का औचक निरीक्षण किया गया। उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों, ओपीडी, आपातकालीन सेवाओं, दवा वितरण कक्ष एवं साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मरीजों से संवाद कर उन्हें मिल रही सुविधाओं की जानकारी भी ली।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
सीएमएचओ ने अस्पताल प्रबंधन को निर्देशित किया कि मरीजों को समय पर एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अस्पताल परिसर में स्वच्छता बनाए रखने, आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा चिकित्सकीय स्टाफ की नियमित उपस्थिति पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा एवं संवेदनशीलता के साथ करें, ताकि आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। इस अवसर पर अस्पताल अधीक्षक डॉ. स्वप्निल तिवारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, विकास खंड कार्यक्रम प्रबंधक, एसडीओ सीजीएमएससी सहित विभागीय अधिकारी एवं अस्पताल स्टाफ उपस्थित रहे।


Comments