गरियाबंद: नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर लक्ष्मी राजवाड़े ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला है। छुरा में आयोजित नारी सशक्तिकरण कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण को रोकने की कोशिश महिलाओं के सम्मान और अधिकारों पर सीधा आघात है।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि 33 प्रतिशत महिला आरक्षण सिर्फ एक विधेयक नहीं, बल्कि देश की आधी आबादी के सम्मान और नेतृत्व से जुड़ा मुद्दा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष ने इस मुद्दे पर लगातार भ्रम फैलाने और राजनीति करने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल परिवारवाद और तुष्टीकरण की राजनीति करते रहे हैं और महिलाओं के अधिकारों को लेकर उनकी सोच स्पष्ट नहीं रही है। मंत्री ने यह भी कहा कि महिला आरक्षण के मुद्दे पर जानबूझकर अड़चनें पैदा की गईं, ताकि इसका श्रेय सरकार को न मिले।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
कार्यक्रम में उन्होंने महिलाओं से एकजुट होकर अपने अधिकारों के लिए आगे आने की अपील की और कहा कि नारी शक्ति आज समाज में बदलाव और नेतृत्व की मजबूत धुरी बन चुकी है।सांसद रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि केंद्र सरकार ने 2014 के बाद से महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए कई योजनाएं लागू की हैं, जिससे उन्हें सामाजिक और आर्थिक मजबूती मिली है।
विधायक रोहित साहू ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं को नेतृत्व में आगे बढ़ाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है, जबकि भाजपा जिला अध्यक्ष ने इसे महिलाओं के राजनीतिक सशक्तिकरण की बड़ी पहल बताया।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और महिलाएं मौजूद रहीं।


Comments