परमेश्वर राजपूत, गरियाबंद /छुरा : गरियाबंद जिले के छुरा नगर में पहली बार महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े का आगमन हुआ, जिसे लेकर नगर में उत्साह का माहौल देखने को मिला। मंत्री के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और नगरवासी मौजूद रहे, जिन्होंने गर्मजोशी के साथ उनका अभिनंदन किया।नगर के शीतला मंदिर प्रांगण में आयोजित “नारी सशक्तीकरण समर्पित सम्मेलन” में भीषण गर्मी के बावजूद महिलाओं, कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों की भारी भीड़ उमड़ी। कार्यक्रम ने छुरा नगर में महिला जागरूकता और सहभागिता की मजबूत तस्वीर पेश की।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
अपने संबोधन में मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने महिलाओं के अधिकार, आत्मनिर्भरता और शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि नारी सशक्तीकरण केवल एक नारा नहीं, बल्कि समाज के समग्र विकास की आधारशिला है। उन्होंने महिलाओं से आगे बढ़कर शिक्षा, रोजगार और स्वावलंबन की दिशा में कदम बढ़ाने का आह्वान किया।कार्यक्रम में महासमुंद सांसद रूपकुमारी चौधरी और राजिम विधायक रोहित साहू की गरिमामयी उपस्थिति भी रही, जिन्होंने महिला सशक्तीकरण के प्रयासों को और गति देने की बात कही।
इस अवसर पर क्षेत्र के नागरिकों ने मंत्री को विभिन्न विभागीय समस्याओं से जुड़े मांगपत्र भी सौंपे, जिन पर शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया गया।साथ ही भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए शीतला मंदिर के समीप वाटर कूलर का उद्घाटन किया गया तथा नगर पंचायत कार्यालय में अध्यक्ष के नए चेंबर का फीता काटकर शुभारंभ भी किया गया।छुरा नगर में मंत्री का यह पहला दौरा कई मायनों में महत्वपूर्ण रहा। एक ओर जहां महिलाओं को सशक्त बनाने का संदेश दिया गया, वहीं दूसरी ओर स्थानीय समस्याओं के समाधान की दिशा में भी पहल की गई। यह दौरा नगर के लिए विकास और जागरूकता दोनों ही दृष्टिकोण से यादगार बन गया।


Comments