रायगढ़, 29 अप्रैल 2026 : नगर पालिक निगम रायगढ़ की मेयर इन काउंसिल (एमआईसी) की बैठक आज महापौर श्री जीवर्धन चौहान की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में शहर के विकास, नागरिक सुविधाओं के विस्तार और प्रशासनिक सुधार से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विचार-विमर्श कर सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक में सबसे अहम निर्णय के तहत शहर के चारों कोनों में स्थित पानी टंकियों पर टैंकरों के लिए भराई सुविधा और फायर ब्रिगेड वाहनों के लिए विशेष वाटर नोजल स्थापित करने का निर्णय लिया गया। इस व्यवस्था से आपातकालीन स्थिति में अग्निशमन वाहनों को तेजी से पानी उपलब्ध हो सकेगा, वहीं गर्मी के मौसम में पेयजल आपूर्ति करने वाले टैंकरों को भी सुगमता से पानी भरने की सुविधा मिलेगी। इससे शहर की जल आपूर्ति और आपदा प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।इसके साथ ही निगम के वाहन विभाग को मरीन ड्राइव स्थित सिटी बस डिपो में स्थानांतरित कर सभी विभागों को सुव्यवस्थित करने का भी निर्णय लिया गया।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
आवासीय योजनाओं के जर्जर भवनों का होगा जीर्णोद्धार
बैठक में वाल्मीकि आवास योजना, अटल आवास योजना एवं आईएचएसडीपी के तहत निर्मित जर्जर भवनों के मरम्मत कार्य को भी मंजूरी दी गई। इसके तहत छज्जा सुधार, सीवर लाइन मरम्मत, सेप्टिक टैंक और छतों के प्लास्टर जैसे आवश्यक कार्य हितग्राहियों के अंशदान से उपलब्ध राशि के माध्यम से कराए जाएंगे, जिससे निवासियों को सुरक्षित आवासीय सुविधा मिल सके।
प्रशासनिक सुधार पर भी जोर
बैठक में छानबीन समिति की अनुशंसा के आधार पर विभागीय प्रक्रियाओं का निराकरण भी किया गया। आयुक्त श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय ने सदस्यों द्वारा उठाए गए सभी प्रश्नों का विस्तृत जवाब दिया।
महापौर श्री चौहान और एमआईसी सदस्यों ने कहा कि इन निर्णयों से शहर में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा और आपातकालीन सेवाएं और अधिक सशक्त बनेंगी। उन्होंने सभी कार्यों को समय-सीमा और गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
बैठक में सदस्य श्री सुरेश गोयल, श्री पंकज कंकरवाल, श्रीमती पूनम सोलंकी, श्री मुक्तिनाथ बबुआ, श्रीमती त्रिवेणी डहरे, श्री अमित शर्मा, श्री आनंद भगत सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।


Comments