बेमेतरा टेकेश्वर दुबे : पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की समस्त योजनाओं एवं निर्माण कार्यों की मासिक समीक्षा बैठक जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई ने की। बैठक में विभागीय योजनाओं की प्रगति, क्रियान्वयन की स्थिति एवं गुणवत्ता की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान कलेक्टर ने विभिन्न निर्माण कार्यों एवं विकास योजनाओं की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को समय पर लाभ मिल सके। कार्यों में लापरवाही या विलंब पाए जाने पर जिम्मेदारों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
कलेक्टर ने विशेष रूप से जल संचयन से संबंधित कार्यों जैसे तालाब गहरीकरण, सोकपिट निर्माण, वर्षा जल संरक्षण एवं अन्य जल संरचनाओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण के कार्यों में गुणवत्ता के साथ-साथ जनभागीदारी को भी बढ़ावा दिया जाए, जिससे दीर्घकालिक लाभ सुनिश्चित हो सके।
बैठक में विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत वित्तीय प्रगति, भौतिक प्रगति, लक्ष्य के विरुद्ध उपलब्धि तथा लंबित कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। साथ ही योजनाओं के प्रभावी मॉनिटरिंग, नियमित फील्ड निरीक्षण एवं पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।
इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत प्रेमलता पदमाकर, उप संचालक पंचायत भूमिका देसाई, समस्त जनपद पंचायतों के सीईओ, योजना प्रभारी, तकनीकी सहायक एवं सब इंजीनियर उपस्थित रहे। बैठक में सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन एवं निर्धारित लक्ष्यों की समय पर पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।


Comments