गरियाबंद में बोर्ड परीक्षा परिणाम शानदार: 12वीं में 92.89% और 10वीं में 84.16%, टॉपर्स का हुआ सम्मान

गरियाबंद में बोर्ड परीक्षा परिणाम शानदार: 12वीं में 92.89% और 10वीं में 84.16%, टॉपर्स का हुआ सम्मान

परमेश्वर राजपूत, गरियाबंद : छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा कक्षा 10वीं एवं 12वीं के परीक्षा परिणाम घोषित होते ही गरियाबंद जिले में खुशी की लहर दौड़ गई। जिला प्रशासन की नवाचारी पहल “गौरव गरियाबंद अभियान” के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं, जिसके चलते इस वर्ष परीक्षा परिणाम में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।जिले में कक्षा 12वीं का परीक्षा परिणाम 92.89 प्रतिशत एवं कक्षा 10वीं का 84.16 प्रतिशत रहा। पिछले वर्ष की तुलना में 12वीं में 3 प्रतिशत तथा 10वीं में 4 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। कक्षा 12वीं के परिणाम में गरियाबंद जिले ने राज्य स्तर पर चौथा स्थान हासिल कर जिले का नाम रोशन किया, जबकि कक्षा 10वीं में जिले को 14वां स्थान प्राप्त हुआ।इस उपलब्धि पर कलेक्टर  बी.एस. उइके ने टॉपर विद्यार्थियों का सम्मान किया और सभी सफल विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों एवं शिक्षा विभाग को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं शिक्षकों की मेहनत और मार्गदर्शन की सराहना की।

कक्षा 12वीं का परिणाम विश्लेषण:
जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार कक्षा 12वीं में कुल 5,506 विद्यार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 5,473 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए। इनमें 3,571 विद्यार्थी प्रथम श्रेणी, 1,473 द्वितीय श्रेणी एवं 32 विद्यार्थी तृतीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुए। 300 विद्यार्थियों को पूरक मिला, जबकि 88 विद्यार्थी अनुत्तीर्ण रहे। कुल 5,076 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए और पास प्रतिशत 92.89 रहा।

ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है

कक्षा 10वीं का परिणाम विश्लेषण:
कक्षा 10वीं में 7,408 विद्यार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 7,287 परीक्षा में शामिल हुए। 7,263 विद्यार्थियों का परिणाम घोषित हुआ, जिसमें 3,716 प्रथम श्रेणी, 2,286 द्वितीय श्रेणी एवं 111 विद्यार्थी तृतीय श्रेणी से उत्तीर्ण हुए। 539 विद्यार्थियों को पूरक एवं 611 विद्यार्थी अनुत्तीर्ण रहे। कुल 6,113 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए और पास प्रतिशत 84.16 दर्ज किया गया।

टॉपर्स ने साझा किए सफलता के मंत्र:
सम्मान समारोह में टॉपर विद्यार्थियों ने अपनी सफलता का श्रेय नियमित अध्ययन, अनुशासित दिनचर्या एवं समय-प्रबंधन को दिया। उन्होंने बताया कि उन्होंने मोबाइल और सोशल मीडिया से दूरी बनाकर पढ़ाई पर पूरा ध्यान केंद्रित किया।इस अवसर पर कलेक्टर ने विद्यार्थियों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए जल जीवन अभियान के अंतर्गत शपथ भी दिलाई।
कार्यक्रम में अपर कलेक्टर पंकज डाहिरे, अपर कलेक्टर श्रीमती ऋषा ठाकुर, जिला शिक्षा अधिकारी जगजीत सिंह धीर, डीएमसी शिवेश शुक्ल, मनोज केला, श्याम चंद्राकर, बुद्धविलास सिंह सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, अभिभावक एवं मीडियाकर्मी उपस्थित रहे।








You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments