अमय खुरासिया संभालेंगे छत्तीसगढ़ टीम की कमान, युवा खिलाड़ियों को देंगे नया दिशा-निर्देश

अमय खुरासिया संभालेंगे छत्तीसगढ़ टीम की कमान, युवा खिलाड़ियों को देंगे नया दिशा-निर्देश

रायपुर: छत्तीसगढ़ की क्रिकेट प्रतिभाओं को अब अंतरराष्ट्रीय स्तर का मार्गदर्शन मिलने जा रहा है। पूर्व भारतीय क्रिकेटर अमय खुरासिया को छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ ने टीम का नया मुख्य कोच नियुक्त किया है।संघ और खुरासिया के बीच राज्य में क्रिकेट विकास को लेकर हुई सकारात्मक चर्चा के बाद यह निर्णय लिया गया। अमय खुरासिया मूल रूप से जबलपुर के रहने वाले हैं।

पहली बार फाइनल तक का सफर

खास बात यह है कि उनके मार्गदर्शन में केरल क्रिकेट टीम ने रणजी ट्रॉफी के 74 साल के इतिहास में पहली बार फाइनल तक का सफर तय किया था। ऐसे में उनके अनुभव से छत्तीसगढ़ क्रिकेट को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

अंतरराष्ट्रीय करियर की बात करें तो खुरासिया 1999 क्रिकेट विश्व कप में भारतीय टीम का हिस्सा रहे हैं। उन्होंने 1999 से 2001 के बीच 12 वनडे अंतरराष्ट्रीय मैच खेले। इसके अलावा 1989 से 2006 के बीच 119 प्रथम श्रेणी मैचों का अनुभव भी उनके पास है।

ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है

23 साल का कोचिंग अनुभव

कोचिंग करियर में भी खुरासिया का रिकॉर्ड प्रभावशाली रहा है। उन्होंने बीसीसीआई की लेवल-सी कोचिंग डिग्री प्राप्त की है और पिछले 23 वर्षों से प्रशिक्षक के रूप में कार्य कर रहे हैं।

करीब 10 वर्षों तक मध्यप्रदेश क्रिकेट संगठन के मुख्य कोच रहते हुए उन्होंने कई युवा खिलाड़ियों को तैयार किया, जिनमें रजत पाटीदार, वेंकटेश अय्यर और आवेश खान जैसे नाम शामिल हैं, जो आज अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी पहचान बना चुके हैं।

अमय खुरासिया: क्रिकेट प्रोफाइल

जन्म: 11 मई 1972, जबलपुर, मध्य प्रदेश

शैली: बाएं हाथ के आक्रामक बल्लेबाज

उपलब्धि: टीम इंडिया में डेब्यू से पहले यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा पास

क्रिकेट करियर

फर्स्ट क्लास: 119 मैच, 7,304 रन, औसत 40.8

शतक/अर्धशतक: 21 शतक, 31 अर्धशतक

वनडे डेब्यू: 1999, श्रीलंका के खिलाफ पुणे

कुल वनडे: 12 मैच, 149 रन

संन्यास: अप्रैल 2007








You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News