परमेश्वर राजपूत, गरियाबंद :प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव 3 मई 2026, रविवार को गरियाबंद जिले के दौरे पर रहेंगे। अपने इस दौरे के दौरान वे विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करने के साथ-साथ कई सामाजिक एवं शैक्षणिक कार्यक्रमों में भी भाग लेंगे।जारी प्रोटोकॉल के अनुसार उपमुख्यमंत्री साव प्रातः 11:00 बजे नया रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय से प्रस्थान करेंगे। इसके पश्चात वे नगर पंचायत कोपरा पहुंचेंगे, जहां वे भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस अवसर पर क्षेत्र में पूर्ण हुए विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण तथा नवीन कार्यों का भूमिपूजन भी किया जाएगा।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
इसके बाद उपमुख्यमंत्री दोपहर में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मैदान, कोपरा में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे। यहां भी वे निर्माणाधीन एवं पूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे तथा मूर्ति स्थापना कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे।दौरे के अगले चरण में वे गरियाबंद के बस स्टैंड से साहू छात्रावास पहुंचकर जिला साहू संघ के शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेंगे, जहां नवगठित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई जाएगी।
शाम के समय उपमुख्यमंत्री साव नालंदा परिसर, पी.एम. श्री स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। यहां विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया जाएगा।दिवसभर आयोजित कार्यक्रमों में सहभागिता के पश्चात उपमुख्यमंत्री पुनः रायपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।उपमुख्यमंत्री के इस दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं तथा स्थानीय स्तर पर कार्यक्रमों को लेकर उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।


Comments