रायगढ़ को स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़ी सौगात: करोड़ों की परियोजनाओं का भूमिपूजन, मेडिकल सुविधाएं होंगी हाईटेक

रायगढ़ को स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़ी सौगात: करोड़ों की परियोजनाओं का भूमिपूजन, मेडिकल सुविधाएं होंगी हाईटेक


रायगढ़ : प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण और आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार की दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में रविवार को रायगढ़ जिले के स्वर्गीय श्री लखीराम अग्रवाल स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय के ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल एवं वित्त मंत्री व रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी. चौधरी ने विभिन्न महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों का विधिवत भूमिपूजन किया।

इन परियोजनाओं में नवीन फिजियोथेरेपी महाविद्यालय भवन, 100 बिस्तरीय मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य (एमसीएच) अस्पताल हेतु स्टाफ क्वार्टर तथा 10 बिस्तरीय योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र भवन का निर्माण शामिल है। फिजियोथेरेपी कॉलेज भवन के लिए 13 करोड़ 93 लाख 71 हजार रुपये, एमसीएच अस्पताल स्टाफ क्वार्टर के लिए 3 करोड़ 93 लाख 79 हजार रुपये तथा योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र के लिए 2 करोड़ 80 लाख 57 हजार रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा और वेलनेस को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से रायगढ़ सहित आसपास के क्षेत्रों के स्वास्थ्य तंत्र को नई मजबूती मिलेगी।

ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है

उन्होंने कहा कि प्रदेश में फिजियोथेरेपी कॉलेजों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि की जा रही है, जिससे पैरामेडिकल शिक्षा को प्रोत्साहन मिलेगा और युवाओं को बेहतर अवसर प्राप्त होंगे। स्वास्थ्य मंत्री ने योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा की उपयोगिता पर जोर देते हुए कहा कि यह केवल उपचार पद्धति नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली का समग्र विज्ञान है। आने वाले समय में इसे और व्यापक स्तर पर विकसित किया जाएगा, ताकि लोग प्राकृतिक तरीकों से स्वस्थ रह सकें और दवाओं पर निर्भरता कम हो।

वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि रायगढ़ में स्वास्थ्य, शिक्षा और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में योजनाबद्ध तरीके से तेजी से कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिन परियोजनाओं का आज भूमिपूजन हुआ है, वे जिले के भविष्य को नई दिशा देने वाली साबित होंगी।

उन्होंने बताया कि रायगढ़ में नर्सिंग कॉलेज, आधुनिक लाइब्रेरी, नदी तट विकास सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं प्रगति पर हैं, जो जिले के समग्र विकास को गति प्रदान करेंगी।

कार्यक्रम के दौरान हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड एवं सिकल सेल कार्ड भी वितरित किए गए, जिससे उन्हें विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ मिल सके।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष श्री दीपक महस्के, सांसद श्री राधेश्याम राठिया, नगर निगम महापौर श्री जीवर्धन चौहान, सभापति श्री डिग्रीलाल साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिखा रविन्द्र गबेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।








You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments