राजनांदगांव : छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बसंतपुर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1.100 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 11 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी की पहचान महावीर यादव उर्फ टोबू यादव (27 वर्ष) निवासी जमातपारा, शीतला मंदिर रोड, थाना बसंतपुर के रूप में हुई है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर तथा नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के मार्गदर्शन में जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
इसी कड़ी में 3 मई को बसंतपुर थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति शीतला मंदिर रोड स्थित नेहरू पार्क के सामने गांजा बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक थैले में रखा 1.100 किलो गांजा बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 193/2026 के तहत धारा 20 (बी) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया।
पहले से दर्ज हैं कई मामले
पुलिस के अनुसार आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। उसके खिलाफ चोरी, मारपीट, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट सहित कई मामलों में पहले से प्रकरण दर्ज हैं।
पुलिस की सख्त चेतावनी
पुलिस ने साफ किया है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू सहित पुलिस टीम के कई अधिकारियों और जवानों की अहम भूमिका रही, जिनकी सराहना की गई है।


Comments