रायपुर : राजधानी में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। रायपुर पुलिस की एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट और तेलीबांधा थाना की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों में नमन जग्गी, आयुष जैन और मोह. सरफराज मामदानी शामिल हैं, जो मोबाइल फोन के जरिए ऑनलाइन बैटिंग एप संचालित कर रहे थे।
पुलिस के मुताबिक, आईपीएल मैचों के दौरान शहर में ऑनलाइन सट्टे के संचालन की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसी दौरान सूचना मिली कि तेलीबांधा इलाके में 36 मॉल के पास एक कार में बैठकर मोबाइल के जरिए सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए टीम ने मौके पर पहुंचकर वाहन को घेराबंदी कर पकड़ा और जांच के दौरान आरोपी नमन जग्गी के मोबाइल में ऑनलाइन सट्टा संचालन के सबूत मिले।
पूछताछ में नमन जग्गी ने खुलासा किया कि वह सट्टा आईडी बेचने का काम करता है और उसने यह आईडी आयुष जैन और मोह. सरफराज को भी दी थी। इसके बाद पुलिस ने दोनों को भी एक अन्य वाहन में सट्टा संचालित करते हुए गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि आरोपी अलग-अलग वेबसाइट्स के जरिए ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा चला रहे थे।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5 मोबाइल फोन, 6 हजार रुपये नगद और 2 महंगे चारपहिया वाहन जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 55 लाख रुपये बताई जा रही है। तीनों आरोपियों के खिलाफ तेलीबांधा थाना में जुआ अधिनियम और छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस नेटवर्क के तार अन्य राज्यों से भी जुड़े होने के संकेत मिले हैं और तकनीकी साक्ष्य जुटाकर जल्द ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी। गौरतलब है कि आयुष जैन के भाई पीयूष जैन को भी इसी साल जनवरी में करीब 37.50 लाख रुपये के साथ सट्टा संचालन करते गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस की बड़ी कार्रवाई जारी
कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने के बाद से रायपुर पुलिस की एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट लगातार सट्टेबाजों पर शिकंजा कस रही है। वर्ष 2026 में अब तक 15 मामलों में 74 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इस दौरान करीब 3.53 करोड़ रुपये की नगदी और अन्य सामग्री जब्त की गई है।
पुलिस का कहना है कि आईपीएल सीजन के दौरान ऑनलाइन सट्टा गिरोहों पर विशेष नजर रखी जा रही है और इस तरह की अवैध गतिविधियों पर आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।


Comments