एक ही जिले में कई लापता मामलों ने बढ़ाई चिंता: पुलिस ने तेज की खोज, आमजन से सहयोग की अपील

एक ही जिले में कई लापता मामलों ने बढ़ाई चिंता: पुलिस ने तेज की खोज, आमजन से सहयोग की अपील

एमसीबी : जिला मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में अलग-अलग समय पर लापता हुए कई युवाओं और एक युवती के मामलों ने एक बार फिर गंभीर रूप ले लिया है। लंबे समय बीत जाने के बाद भी इन सभी का कोई सुराग नहीं मिल पाने से परिजनों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने एक साथ सभी प्रकरणों में खोजबीन तेज कर दी है और आम नागरिकों से सहयोग की अपील की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना चिरमिरी एवं झगराखाण्ड क्षेत्रों में दर्ज गुम इंसान प्रकरणों में कई लोग वर्षों से लापता हैं। इनमें 26 वर्षीय विनोद कुमार प्रजापति (गुम इंसान क्रमांक 39/2019) निवासी चित्ताझोर पोंडी क्षेत्र शामिल हैं, जो कदमहारा से कोरिया जाने के दौरान हल्दीबाड़ी टैक्सी स्टैंड से लापता हो गए थे। इसके अलावा 30 वर्षीय अजय कुमार (गुम इंसान क्रमांक 05/2026) निवासी गोदरीपारा, जो रायपुर के सिलतरा स्थित स्टील प्लांट में कार्यरत था, लगभग 6 वर्ष पूर्व अचानक लापता हो गया।

 ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है

इसी क्रम में 18 वर्षीय सुनील कुमार सिंह (गुम इंसान क्रमांक 20/2016) निवासी आजाद नगर गोदरीपारा, जो पारिवारिक विवाद के बाद घर छोड़कर चला गया था, का भी अब तक कोई पता नहीं चल पाया है। वहीं 18 वर्षीय युवती हिना केवट (गुम इंसान क्रमांक 35/2025) निवासी झगराखाण्ड, जो 23 दिसंबर 2025 को काम पर जाने के लिए घर से निकली थी, वह भी आज तक वापस नहीं लौटी। इन सभी मामलों में परिजनों द्वारा रिश्तेदारों, परिचितों एवं संभावित स्थानों पर लगातार खोजबीन की गई, लेकिन कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई।

पुलिस ने भी प्रारंभिक जांच के बाद अब एक बार फिर सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को सतर्क करते हुए खोज अभियान तेज कर दिया है। पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को भी इन लापता व्यक्तियों के संबंध में कोई जानकारी प्राप्त होती है, तो तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस अधीक्षक एमसीबी 9479194855, सीएसपी/एसडीओपी 9479193703, 9479193702, थाना चिरमिरी 9479193709, थाना झगराखाण्ड 9479193713 तथा कंट्रोल रूम 9479160180 पर संपर्क करें। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और प्रशासन ने नागरिकों से मानवीय संवेदनाओं के तहत आगे आकर सहयोग करने की अपील की है, ताकि वर्षों से बिछड़े ये लोग सुरक्षित अपने परिवार तक वापस पहुंच सकें।








You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments