रायपुर : राजधानी रायपुर के गोलबाजार थाना क्षेत्र में पूजा सामग्री की दुकान से ₹53 हजार नगदी चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी दुकानदार को सामान दिखाने में उलझाकर गल्ले से रकम पार कर फरार हो गया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ₹38 हजार नगद बरामद किए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, 13 अप्रैल 2026 को फूल चौक स्थित पूजा सामग्री दुकान संचालक नरेन्द्र केशवानी ने थाना गोलबाजार में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि सुबह करीब 9 बजे एक व्यक्ति ग्राहक बनकर दुकान में आया और पूजा व हवन सामग्री खरीदने की बात कहकर अलग-अलग सामान दिखाने लगा।
आरोपी पहले छोटे सामान खरीदने का दिखावा करता रहा और फिर दुकानदार को लगातार दुकान के अंदर व ऊपर रखे सामान लाने में व्यस्त रखा। इसी दौरान उसने मौका पाकर दुकान के गल्ले में रखे ₹53 हजार चोरी कर लिए और फरार हो गया।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
प्रकरण दर्ज होने के बाद गोलबाजार पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। आसपास पूछताछ, गवाहों के बयान और CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान सोनू कुमार (30 वर्ष) निवासी शीतलपुर बाजार, थाना दिगवारा, जिला सारण (बिहार) के रूप में की।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से ₹38 हजार नगद बरामद किए हैं। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक स्वराज त्रिपाठी, उपनिरीक्षक पुणे सिंह जुर्री, वरिष्ठ आरक्षक संदीप सिंह, आरक्षक संदीप तिवारी और दीपक ध्रुव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


Comments