महासमुंद: छत्तीसगढ़ की महासमुंद पुलिस को चोरी के मामले में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने जिले में लगातार चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण समेत कुल 32 लाख 38 हजार 900 रुपये का मशरूका बरामद किया गया है।
क्या है पूरा मामला ?
दरअसल, बगारपाली के रहने वाले ओमप्रकाश ठाकुर ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 27 अप्रैल 2026 की सुबह उनके घर से करीब 40 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर चोरी हो गए। मामले की जांच के दौरान वाहन चेकिंग में पुलिस ने पंचराम उर्फ पंचु निषाद (38 वर्ष) को पकड़ा, जो कि चंदली थाना चंद्रपुर जिला सक्ती का रहने वाला है। पूछताछ में उसने चोरी की वारदात कबूल कर ली। आरोपी के खिलाफ पहले भी दुर्ग, जांजगीर-चांपा सहित कई जिलों में चोरी के मामले दर्ज हैं। बताया जा रहा है कि वह पहले न्यायिक रिमांड के दौरान इलाज के बहाने फरार भी हो चुका था।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
शातिराना तरीके से करता था चोरी
पुलिस अधीक्षक कार्यालय महासमुंद की ओर से प्रेस विज्ञप्ति जारी की गई है जिसके अनुसार, आरोपी सूने मकानों को निशाना बनाता था। वह उन घरों की रेकी करता था, जहां घर निर्माण का काम चल रहा हो, बाहर ईंट-गिट्टी पड़ी हो और घर में केवल बच्चे या बुजुर्ग मौजूद हो। आरोपी कम कीमत में छड़-सीमेंट दिलाने का झांसा देकर घर में प्रवेश करता और मौका मिलते ही सोने-चांदी के आभूषण पार कर देता था।
पुलिस जांच में क्या खुलासा हुआ ?
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में 20 से अधिक चोरी की घटनाओं में शामिल रहा है। चोरी के बाद वह जेवरात को विभिन्न ज्वेलरी दुकानों में बेच देता था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अलग-अलग ज्वेलरी संचालकों से भी चोरी का सामान जब्त किया है। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य ज्वेलरी कारोबारियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। आगे और खुलासे हो सकते हैं।
क्या-क्या सामान बरामद हुए ?
सोने के आभूषण – 63.30 ग्राम, कीमत 25,52,200 रुपये
चांदी के आभूषण – 2 किलो 585.94 ग्राम, कीमत 6,41,700 रुपये
मोटरसाइकिल – 30 हजार रुपये
मोबाइल फोन – 5 हजार रुपये
कुल बरामद सामान की कीमत 32,38,900 रुपये बताई गई है।


Comments