1.5 करोड़ के LPG घोटाले में बड़ा एक्शन, भाजपा नेता के दामाद समेत 4 हिरासत में

1.5 करोड़ के LPG घोटाले में बड़ा एक्शन, भाजपा नेता के दामाद समेत 4 हिरासत में

महासमुंद : करीब 1.5 करोड़ रुपए से अधिक के एलपीजी घोटाले की जांच कर रही पुलिस ने प्लांट मैनेजर, खाद्य अधिकारी और सहायक खाद्य अधिकारी के साथ गौरव गैस एजेंसी के संचालक पंकज चंद्राकर को भी हिरासत में लिया है. भाजपा नेता पंकज चंद्राकर पूर्व राज्यमंत्री पूरन चंद्राकर के दामाद हैं.

बता दें कि लगभग डेढ़ करोड़ रुपए के एलपीजी की कालाबाजारी का मामला हफ्ते भर पहले सामने आया था. पुलिस के मुताबिक, यह पूरा खेल मार्च के अंतिम सप्ताह से लेकर 6 अप्रैल 2026 के बीच सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया.

आरोप है कि खाद्य अधिकारी अजय यादव, सहायक खाद्य अधिकारी मनीष यादव और गौरव गैस एजेंसी के संचालक पंकज चंद्राकर ने प्लांट मैनेजर निखिल वैष्णव के साथ मिलीभगत कर प्लानिंग के साथ 6 गैस कैप्सूल को अभनपुर स्थित ठाकुर पेट्रोकेमिकल को हैण्ड ओवर किया था, जहां से कैप्सूल वाहनों में भरी गैस को धीरे-धीरे निकालकर अलग-अलग टैंकरों के जरिए बाजार में खपा दिया.

ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है

GPS ट्रैकिंग से खुली परतें

जांच के दौरान कैप्सूल वाहनों में लगे जीपीएस सिस्टम से मिली जानकारी ने पूरे घोटाले का पर्दाफाश कर दिया. पुलिस ने गतिविधियों का क्रमवार विश्लेषण किया, जिसमें सामने आया कि 31 मार्च को 2 कैप्सूल, 1 अप्रैल को 1 कैप्सूल, 3 अप्रैल को 1 कैप्सूल और 5 अप्रैल को 2 कैप्सूल से गैस निकाली गई. इस तरह कुल 6 कैप्सूल से 90 मीट्रिक टन अवैध रूप से गैस खाली की गई.

रिकॉर्ड में भारी गड़बड़ी

जब्त दस्तावेजों की जांच में भी गंभीर अनियमितताएं सामने आईं. रिकॉर्ड के मुताबिक, अप्रैल महीने में मात्र 47 टन गैस खरीदी गई थी, और शुरुआती स्टॉक भी शून्य था. इसके बावजूद 107 टन से अधिक गैस की बिक्री दर्ज दिखाई गई. खरीद और बिक्री के आंकड़ों में यह भारी अंतर साफ तौर पर चोरी और कालाबाज़ारी की ओर इशारा करता है.

कर्मचारियों के बयान से खुलासा

प्लांट में काम करने वाले कर्मचारियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उन्होंने यह कार्य उच्च अधिकारियों के निर्देश पर किया. गैस को पहले प्लांट के बुलेट टैंक में खाली किया जाता था और फिर निजी टैंकरों के माध्यम से अलग-अलग स्थानों पर भेज दिया जाता था. जांच में यह भी सामने आया है कि रायपुर और आसपास के इलाकों में 4 से 6 टन तक गैस की सप्लाई कच्चे चालान के जरिए की गई.

चार हिरासत में, दो फरार

मामले में प्लांट मैनेजर निखिल वैष्णव, खाद्य अधिकारी अजय यादव, सहायक खाद्य अधिकारी मनीष यादव के अलावा गौरव गैस एजेंसी के संचालक पंकज चंद्राकर को हिरासत में लिया है. वहीं ठाकुर पेट्रोकेमिकल के मालिक संतोष ठाकुर और सार्थक ठाकुर फरार हैं.








You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments