सुकमा : बस्तर संभागायुक्त डोमन सिंह ने शनिवार को सुकमा प्रवास के दौरान जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान कलेक्टर अमित कुमार भी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान कमिश्नर ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का सूक्ष्म अवलोकन किया और अधिकारियों को मरीजों की सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही नही करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान श्री सिंह ने मोतियाबिंद ऑपरेशन कराए गए मरीजों से सीधे संवाद किया और उनके स्वास्थ्य, उपचार तथा उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने मरीजों से पूछा कि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी तो नहीं हो रही है तथा भोजन, दवा एवं देखभाल की समुचित व्यवस्था उपलब्ध है या नहीं।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
मरीजों ने उपचार व्यवस्था पर संतोष व्यक्त करते हुए अस्पताल प्रशासन की सराहना की।कमिश्नर डोमन सिंह ने मोतियाबिंद के 16 मरीजों को फूड बास्केट वितरित कर मानवीय संवेदनशीलता श्रीका परिचय दिया। उन्होंने चिकित्सकों से ऑपरेशन की प्रक्रिया, उपचार व्यवस्था और निःशुल्क दवा वितरण की जानकारी लेते हुए निर्देशित किया कि ऑपरेशन के बाद मरीजों को सावधानियों एवं दवा सेवन की पूरी जानकारी पाम्पलेट के माध्यम से अनिवार्य रूप से दी जाए, ताकि मरीज घर लौटने के बाद भी सुरक्षित रूप से उपचार जारी रख सकें।
इस अवसर पर सिंह ने उपस्थित मितानिनों से भी चर्चा कर मितानिन पेटी में उपलब्ध दवाओं की जानकारी ली और उन्हें अधिक से अधिक मरीजों को चिन्हांकित कर मोतियाबिंद ऑपरेशन हेतु जिला चिकित्सालय लाने के निर्देश दिए। चिकित्सकों ने बताया कि दूरस्थ क्षेत्रों से भी मरीज लगातार पहुंच रहे हैं और उन्हें भर्ती करके बेहतर उपचार सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।


Comments