रायपुर : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में शादी समारोह के दौरान खुलेआम हर्ष फायरिंग का मामला सामने आया है। भाजपा नेत्री और मंडी सदस्य मोनिका सिंह के परिवार से जुड़े कार्यक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर तेजी के साथ वायरल हो रहा है।
वायरल हो रहे वीडियो में भाजपा नेत्री के पति के साथ बच्चे, लड़कियां और महिलाएं हथियार लहराते और फायरिंग करते नजर आ रहे हैं। ‘धुरंधर’ फिल्म के गाने पर रील बनाकर वीडियो पोस्ट किया गया है। हर्ष फायरिंग के वीडियो पर पुलिस ने कहा, शिकायत नहीं मिली है, लेकिन पूरे मामले की जांच कराएंगे। कांग्रेस ने कहा कि प्रदेश में लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति बिगड़ी हुई है। कानून व्यवस्था को सुधारने के लिए सरकार को सख्त उठाना चाहिए।
पढ़िए क्या है पूरा मामला
रायपुर के एक शादी समारोह का है, जहां भाजपा नेत्री मोनिका सिंह के भाई प्रतीक की शादी थी। समारोह में रिश्तेदारों और मेहमानों की मौजूदगी में जमकर हवाई फायरिंग की गई। वायरल वीडियो में मोनिका सिंह के पति ऋतुपर्ण सिंह के साथ लड़कियां और महिलाएं भी बंदूक और पिस्टल से फायर करते दिखाई दे रही हैं। कार्यक्रम में डीजे और फिल्मी गानों के बीच हथियारों का प्रदर्शन भी किया गया।
ऋतुपर्ण सिंह बिलासपुर में चतुर्थ श्रेणी के शासकीय कर्मचारी हैं। उनकी पत्नी मोनिका सिंह भाजपा से जुड़ी हुई हैं और वर्तमान में मंडी सदस्य के पद पर कार्यरत हैं। शादी समारोह में हुई फायरिंग का वीडियो वायरल होने के बाद राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा शुरू हो गई है।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
प्रदेश में कानून व्यवस्था बिगड़ी- कांग्रेस
कांग्रेस प्रवक्ता अभय नारायण ने कहा, जिन लोगों के पास लाइसेंस है। उनको लाइसेंस देना क्या जरूरी है। किस उपयोग के लिए उन्हें लाइसेंस दिया गया है। उसका सही उपयोग हो रहा है या नहीं हो रहा है। इसकी जांच पूरे प्रदेश में होनी चाहिए। लॉ एंड ऑर्डर को सुधारने के लिए सरकार को सख्त उठाना चाहिए।
भाजपा नेता के करीबी है ऋतुपर्ण सिंह
रायपुर में साले की शादी में हर्ष फायरिंग करने वाले ऋतुपर्ण सिंह भाजपा नेता सौरभ सिंह के करीबी बताए जा रहे हैं। ऋतुपर्ण सिंह पर आरोप है कि पहले भी वो बीजेपी नेता के परिजनों की शादी में हर्ष फायरिंग कर चुके हैं। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच करने की बात कह रही है।


Comments