रायगढ़, 13 मई 2026 : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप पूरे प्रदेश में संचालित सुशासन तिहार 2026 अब जनविश्वास और जनसरोकार का प्रभावी अभियान बनता जा रहा है। गांव-गांव आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर ग्रामीणों के लिए राहत का मजबूत माध्यम साबित हो रहे हैं, जहां लोगों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करते हुए उन्हें शासकीय योजनाओं का सीधा लाभ दिया जा रहा है। इसी कड़ी में आज विकासखंड धरमजयगढ़ के ग्राम हाटी स्थित सामुदायिक भवन में सुशासन तिहार के अंतर्गत जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्लस्टरवार 19 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए। सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक चले शिविर में 926 आवेदन प्राप्त हुए। शिविर में जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती लीनव राठिया, उपाध्यक्ष शिशुपाल गुप्ता, शशि पटेल, डोलनारायण पटेल, श्रीमती दुर्गा राठिया सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्राम पंचायत के सरपंच, जिला एवं विकासखण्ड स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर हितग्राहियों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ मौके पर लाभ भी प्रदान किया गया। शिविर में एग्रीस्टैक पंजीयन, पंचायत अविवादित नामांतरण, खाद्य विभाग ई-केवाईसी, महतारी वंदन योजना ई-केवाईसी, आधार कार्ड, ई-श्रम कार्ड, स्वास्थ्य परीक्षण, आयुष्मान कार्ड तथा वय वंदन कार्ड निर्माण जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। राशन कार्ड, मुख्यमंत्री पेंशन योजना एवं राष्ट्रीय वृद्धा पेंशन योजना से संबंधित प्रकरणों का भी निराकरण किया गया। समाज कल्याण विभाग रायगढ़ द्वारा शिविर के दौरान वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांग हितग्राहियों को सहायक उपकरण वितरित किए गए। गुरवारी ग्राम बरबसपुर, कुंती बाई ग्राम बेहरामार तथा मदनसिंह राठिया ग्राम साम्हरसिंघा को सेटेबल वॉकिंग स्टिक प्रदान की गई। वहीं साधुराम बेक ग्राम पुरुंगा-हाटी को ब्लाइंड स्टिक वितरित की गई।
शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास निर्माण पूर्ण कर चुके 05 हितग्राहियों को प्रोत्साहन स्वरूप दीवार घड़ी भेंट की गई। साथ ही मनरेगा योजना के तहत श्रीमती विलास राठिया-खड़गांव को आजीविका के लिए हस्तांतरण प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। इसी तरह शिविर के दौरान स्कूली बच्चों को जाति प्रमाण-पत्र वितरित किया गया। मौके पर 17 पंचायतों को बाल विवाह मुक्त पंचायत घोषित किया गया। उद्यानिकी विभाग के तहत 16 लोगों को निःशुल्क पौधों का वितरण किया गया। 5 किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड अंतर्गत ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया। भीषण गर्मी को देखते हुए प्रशासन द्वारा शिविर में आए ग्रामीणों के लिए ओआरएस, मीठा नींबू पानी एवं चना-मुर्रा की व्यवस्था की गई थी, जिससे प्रशासन की संवेदनशीलता और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता स्पष्ट रूप से दिखाई दी। सुशासन तिहार के अंतर्गत अगला जनसमस्या निवारण शिविर 14 मई को रायगढ़ विकासखंड के हाईस्कूल मैदान टारपाली में आयोजित किया जाएगा, जिसमें 21 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण शामिल होंगे।


Comments