जशपुर:जशपुर पुलिस ने अवैध गांजा के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस की टीम ने 1.13 करोड़ के गांजे के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने तस्करी की प्लानिंग ऐसे की थी कि जिससे उसे पकड़ पाना पुलिस के लिए नामुमकिन था।
पुलिस की नजरों में धूल झोकने के लिए आरोपी ने पिकअप में आम से भरे ट्रे रखवाए और उसके नीचे 207 पैकेट गांजा रखकर तस्करी कर रहा था। पुलिस ने जब वाहन को रोका तो उन्हें लगा ही नहीं कि इसमें गांजा होगा। वाहन की तलाशी ली गई तो आम से भरे ट्रे के नीचे एक-एक किलो के गांजे से भरे 207 पैकेज मिले। जब्त गांजे की कीमत 1 करोड़ 13 लाख 60 हजार 550 रूपए है।
जानिए पूरा मामला
दरअसल, एसएसपी जशपुर डॉ लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में नशे के सौदागरों के खिलाफ विशेष अभियान "ऑपरेशन आघात" चलाया जा रहा है, जिसके तहत जशपुर पुलिस लगातार नशे के कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में जशपुर पुलिस को चौकी दोकड़ा क्षेत्र में एक पिकअप वाहन से दो क्विंटल से अधिक अवैध मादक प्रदार्थ सहित एक आरोपी तस्कर को पकड़ने में सफलता मिली है।
पुलिस को 12 मई को चौकी दोकड़ा पुलिस को मुखबीर से सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की पिकअप वाहन में कच्चे आम को लोड कर, प्लास्टिक के कैरेट में भारी मात्रा में अवैध मादक प्रदार्थ गांजा को छुपाकर, सुंदरगढ़ ओडिशा के ओर से तपकरा दोकड़ा होते हुए उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा है।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
इस सूचना पर पुलिस की टीम ने तत्काल चौकी दोकड़ा के ग्राम देवरी के पास नाकाबंदी की और संदिग्ध पिकअप वाहन क्रमांक UP -70-RT -6633 को रोकने की कोशिश की गई। पुलिस को देखकर आरोपी चालक वाहन को भगाने लगा, जिसका पीछा कर ग्राम बगिया दोकड़ा मुख्य मार्ग के बहाल जोर के पास पिकअप को पकड़ा गया।
पुलिस के द्वारा जब संदिग्ध पिकअप वाहन की तलाशी ली गई तो उसके ट्रॉली में प्लास्टिक की ट्रे में कच्चा आम भरा हुआ था। पुलिस ने जब आम को हटाया तो पाया कि आम के नीचे गांजा की खेप थी। 23 प्लास्टिक के कैरेट में आम के नीचे छिपाकर रखे कुल 207 पैकेट में कुल 2 क्विंटल 7 किलो गांजा को बरामद किया।
संदिग्ध पिकअप में बैठे चालक से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम प्रेमनाथ सिंह उम्र 36 वर्ष, निवासी ग्राम विमड़ा, थाना बगीचा जिला जशपुर (छ ग) का रहने वाला बताया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि गांजा को सुंदरगढ़ ओडिशा से लेकर ला रहा था, जिसे लेकर उसे अंबिकापुर जाना था। वहां से एक अन्य व्यक्ति पिकअप वाहन को लेकर उत्तर प्रदेश ले जाने वाला था। पुलिस मामले से जुड़े अन्य आरोपीयों की भी तलाश कर रही है।
पुलिस के द्वारा पकड़े गए आरोपी प्रेमनाथ सिंह से गांजे से संबंधित वैध दस्तावेज की मांग करने पर उसके द्वारा कोई वैध दस्तावेज नहीं दिया जा सका। पुलिस के द्वारा आरोपी के विरुद्ध चौकी दोकड़ा में एन डी पी एस की धारा 20(बी)(2)(सी) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया। पकड़े गए आरोपी प्रेमनाथ सिंह के द्वारा अपराध स्वीकार करने व प्रयाप्त सबूत पाए जाने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
ज्ञातव्य है कि डी आई जी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में जशपुर पुलिस ने जनवरी 2026 से अब तक 03 करोड़ 24 लाख 55 हजार 550 रु कीमत की नशे के सामान को पकड़ा गया, जिसमें अवैध मादक प्रदार्थ गांजा के कुल 8 प्रकरणों में 744 किलो 227 ग्राम गांजा, नशीली कफ सिरफ के कुल 3 प्रकरण में 1840 नग प्रतिबंधित कफ सिरफ, ब्राउन शुगर के एक प्रकरण में 8.04 ग्राम ब्राउन शुगर व गांजा पौधा उगाने के 01 प्रकरण में 90 नग में 14 किलो गांजे के पौधा को जप्त करते हुए 27 आरोपी तस्करों को जेल भेजा गया है। साथ ही 54 लाख रु से अधिक कीमत की तस्करी में प्रयुक्त वाहन जिसमें 8 कार,01 पिकअप व 01 मोटर साइकिल शामिल हैं को जब्त किया जा चुका है।


Comments