महासमुंद : महासमुंद जिले के सरायपाली थाना क्षेत्र में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहरण की बड़ी वारदात को विफल कर दिया। उधारी की रकम वसूलने के लिए एक युवक को जबरन कार में बैठाकर ओड़िशा ले जा रहे 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई कार क्रमांक OD-17 AG-7735 भी जब्त कर ली है।
पुलिस के अनुसार 14 मई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि हुंडई शोरूम के पास कुछ लोग एक युवक को कार में अगवा कर ओड़िशा की ओर ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही सरायपाली पुलिस ने इलाके में नाकेबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोक लिया।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
वाहन की जांच के दौरान पुलिस ने युवक निरंजन दास निवासी चट्टीगिरोला, थाना सरायपाली को आरोपियों के कब्जे से मुक्त कराया। पूछताछ में पीड़ित ने बताया कि उसने आरोपी देबार्चन मलिक से 3 लाख 50 हजार रुपए उधार लिए थे, जिसमें से 50 हजार रुपए लौटा चुका था। बाकी रकम की वसूली के लिए आरोपी अपने साथियों के साथ उसे जबरन कार में बैठाकर ले जा रहे थे। इस दौरान उसका मोबाइल भी छीन लिया गया और जान से मारने की धमकी दी गई।
पुलिस ने मामले में देबार्चन मलिक, राजेश मलिक, रंजन प्रधान, भागीरथी बेहरा, बंशीधर बंछोर और कुनु बाघ को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ थाना सरायपाली में अपराध दर्ज कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।


Comments