गरियाबंद : गरियाबंद जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ‘नया सवेरा अभियान’ के तहत Gariaband Police को बड़ी सफलता मिली है। थाना देवभोग पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर कुल 52 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले के सभी थाना प्रभारियों को नशे और अवैध शराब के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे। इसी अभियान के तहत थाना देवभोग पुलिस लगातार क्षेत्र में पेट्रोलिंग और मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर कार्रवाई कर रही थी।
17 मई 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों पर रेड कार्रवाई की। इस दौरान आरोपी अवैध महुआ शराब बेचने के लिए ग्राहकों का इंतजार करते हुए पकड़े गए। तलाशी में उनके कब्जे से 50 लीटर कच्ची महुआ शराब और उड़ीसा निर्मित 10 पाउच महुआ शराब (करीब 2 लीटर) बरामद की गई। जब्त शराब की कुल कीमत लगभग 5200 रुपये बताई जा रही है।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
गिरफ्तार आरोपियों में परदेशी यादव (25 वर्ष), मोनू उर्फ नीलकंठन उर्फ मिल्केन द्रोरा (32 वर्ष) और मोहन सोनी (40 वर्ष) शामिल हैं। तीनों आरोपी Devbhog थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
पूछताछ के दौरान आरोपी शराब रखने और बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 34(2) छत्तीसगढ़ आबकारी एक्ट के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की।
पूरी कार्रवाई में थाना देवभोग पुलिस टीम की विशेष भूमिका रही, जिसकी वरिष्ठ अधिकारियों ने सराहना की है।


Comments