बेमेतरा टेकेश्वर दुबे : सुशासन तिहार के अवसर पर विकासखंड बेमेतरा अंतर्गत ग्राम पंचायत खिलोरा में आयोजित समाधान शिविर विकास और जनकल्याण का केंद्र बन गया। शिविर में क्षेत्रीय विधायक दीपेश साहू ने ग्रामवासियों को विभिन्न विकास कार्यों की महत्वपूर्ण सौगात देते हुए करोड़ों नहीं बल्कि सीधे ग्रामीण जरूरतों से जुड़े ऐसे कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया, जिनसे गांव के लोगों को लंबे समय तक लाभ मिलेगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, जनप्रतिनिधि, पंचायत पदाधिकारी एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। शिविर के दौरान शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों को दी गई तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से लाभान्वित किया गया।
लाखों रुपए की लागत से बने सीसी रोड का लोकार्पण
ग्राम खिलोरा में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में विधायक दीपेश साहू ने दो महत्वपूर्ण सीसी रोड निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया। इनमें भोला के घर से पूरन के घर तक 5.20 लाख रुपए की लागत से निर्मित सीसी रोड तथा गयाराम के घर से मौली माता मंदिर तक 5 लाख रुपए की लागत से बने सड़क निर्माण कार्य का उद्घाटन शामिल है।ग्रामीणों ने लंबे समय से इन सड़कों की मांग की थी। बरसात के दिनों में कीचड़ और आवागमन की समस्या से परेशान ग्रामीणों को अब राहत मिलेगी। सड़क निर्माण से गांव के भीतर आवागमन सुगम होने के साथ-साथ मंदिर और आवासीय क्षेत्र तक पहुंच भी आसान होगी। लोकार्पण के दौरान ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
विधायक निधि से बोर खनन और वाटर कूलर की सौगात
ग्रामवासियों की पेयजल समस्या को ध्यान में रखते हुए विधायक निधि से 2.94 लाख रुपए की लागत से बोर खनन कार्य की सौगात दी गई। इसके साथ ही ग्रामीणों को स्वच्छ एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 2 लाख रुपए की लागत से वाटर कूलर की सुविधा भी प्रदान की गई।ग्रामीणों ने कहा कि गर्मी के मौसम में पेयजल की समस्या काफी बढ़ जाती थी, लेकिन अब इन सुविधाओं से गांववासियों को बड़ी राहत मिलेगी। विधायक द्वारा किए गए इन कार्यों को ग्रामीणों ने जनहित में महत्वपूर्ण पहल बताया।
मंच निर्माण कार्य का हुआ भूमिपूजन
कार्यक्रम के दौरान विधायक दीपेश साहू ने ग्राम में 5 लाख रुपए की लागत से प्रस्तावित मंच निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन भी किया। यह मंच भविष्य में सामाजिक, सांस्कृतिक एवं शासकीय कार्यक्रमों के आयोजन का प्रमुख केंद्र बनेगा। ग्रामीणों ने मंच निर्माण को गांव के विकास और सामाजिक गतिविधियों के लिए आवश्यक सुविधा बताया।
“विकास की रोशनी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना हमारी प्राथमिकता” — विधायक दीपेश साहू
अपने संबोधन में विधायक दीपेश साहू ने कहा कि सुशासन तिहार केवल एक सरकारी आयोजन नहीं, बल्कि शासन और जनता के बीच विश्वास और संवाद का मजबूत माध्यम है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता गांव-गांव तक विकास पहुंचाने की है, ताकि अंतिम व्यक्ति भी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सके। उन्होंने कहा आज जिन कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन हुआ है, वे केवल निर्माण कार्य नहीं हैं, बल्कि गांव के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव हैं। सड़क, पानी और मूलभूत सुविधाएं किसी भी गांव के विकास की आधारशिला होती हैं। हमारी सरकार लगातार इस दिशा में कार्य कर रही है कि हर गांव आत्मनिर्भर और सुविधायुक्त बने। उन्होंने आगे कहा कि आने वाले समय में भी क्षेत्र के विकास के लिए लगातार कार्य किए जाएंगे तथा ग्रामीणों की आवश्यकताओं के अनुरूप योजनाएं संचालित की जाएंगी। विधायक ने ग्रामवासियों से शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने और विकास कार्यों में सहभागी बनने का आह्वान भी किया। कार्यक्रम में भाजपा संगठन के कई पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सरपंच श्री राधे साहू, उपसरपंच श्री रिखीराम साहू, पंचगण एवं ग्रामवासियों द्वारा अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों में उत्साह और विकास कार्यों को लेकर सकारात्मक माहौल देखने को मिला।


Comments