रायपुर: छत्तीसगढ़ विधानसभा सचिवालय द्वारा वर्ष 2019 में निकाली गई सहायक ग्रेड-3 (AG-3) भर्ती प्रक्रिया विज्ञापन क्रमांक 10791/छगविस/स्था/2019 (दिनांक 22/10/2019) पिछले 7 वर्षों से अधर में लटकी हुई है। भर्ती के सभी चरण पूरे होने के बाद भी अंतिम चयन सूची जारी नहीं होने से सैकड़ों युवाओं का भविष्य दांव पर लगा है। परीक्षा पास कर चुके अभ्यर्थी अब भारी मानसिक दबाव और आर्थिक तंगी का सामना कर रहे हैं।
कछुआ चाल से चली 7 साल की भर्ती प्रक्रिया:
* अक्टूबर 2019: भर्ती का आधिकारिक विज्ञापन प्रकाशन।
* दिसंबर 2021: प्रथम चरण की कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) का आयोजन।
* जून 2023: प्रथम चरण परीक्षा का परिणाम घोषित।
* जनवरी 2025: द्वितीय चरण की कौशल (Skill) परीक्षा का आयोजन।
* सितंबर 2025: दोनों चरणों का संयुक्त परीक्षा परिणाम जारी।
* फरवरी 2026: सफल अभ्यर्थियों का दस्तावेज सत्यापन (डीवी) पूर्ण।
* वर्तमान स्थिति: दस्तावेज सत्यापन को बीते कई महीने हो चुके हैं, लेकिन अंतिम चयन सूची आज तक लंबित है।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
अभ्यर्थियों की मांग और गुहार:
दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया पूरी हुए लंबा समय बीत चुका है। अभ्यर्थियों का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया के अंतिम पायदान पर पहुंचकर भी नियुक्ति न मिलना उनके साथ अन्याय है। कई अभ्यर्थियों की उम्र सीमा समाप्त होने की कगार पर है, जिससे उनके सामने रोजगार का बड़ा संकट खड़ा हो गया है।
पीड़ित अभ्यर्थियों ने विधानसभा अध्यक्ष और शासन-प्रशासन से सादर निवेदन किया है कि उनकी विषम परिस्थितियों और मानसिक पीड़ा पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाए। युवाओं ने मांग की है कि इस 7 साल पुरानी भर्ती को तार्किक परिणति तक पहुंचाते हुए अनंतिम चयन सूची (Provisional Merit List) और प्रतीक्षा सूची (Waiting List) शीघ्रातिशीघ्र प्रकाशित की जाए, ताकि उन्हें न्याय मिल सके।


Comments