सुकमा के बंगनपल्ली आमों का जलवा, मेले में 1 लाख से ज्यादा की बिक्री

सुकमा के बंगनपल्ली आमों का जलवा, मेले में 1 लाख से ज्यादा की बिक्री

सुकमा : जिले में आयोजित ‘बंगनपल्ली आम मेला’ लोगों के आकर्षण का बड़ा केंद्र बन गया है। बस स्टैंड परिसर में जिला प्रशासन, नीति आयोग और बिहान (NRLM) की स्व-सहायता समूह की दीदियों के सहयोग से लगाए गए इस मेले में अब तक 1 लाख रुपये से अधिक के आमों की बिक्री हो चुकी है। सुकमा की मिट्टी में उगे बंगनपल्ली आमों की मिठास और गुणवत्ता लोगों को खूब पसंद आ रही है, जिसके चलते खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ रही है।

मेले में केवल ताजे और शुद्ध बंगनपल्ली आम ही नहीं, बल्कि स्वादिष्ट आमरस भी लोगों का ध्यान खींच रहा है। स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा तैयार किया जा रहा शुद्ध आमरस ग्राहकों की पहली पसंद बन गया है, जिससे समूह की महिलाओं को अतिरिक्त आय भी हो रही है।

इस पहल को प्रोत्साहन देने के लिए कलेक्टर श्री अमित कुमार और एसपी श्री किरण चव्हाण सहित जिला प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी मेले में पहुंचे। अधिकारियों ने स्टॉलों का निरीक्षण किया और स्वयं आम खरीदकर स्थानीय किसानों और महिलाओं का उत्साह बढ़ाया। मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मुकुंद ठाकुर और वन मंडलाधिकारी श्री अक्षय भोंसले ने भी किसानों और समूह की दीदियों से चर्चा कर उत्पादन और मार्केटिंग की जानकारी ली।

ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है

प्रशासन का मानना है कि यह आम मेला केवल बिक्री का मंच नहीं, बल्कि किसानों और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़ा कदम है। इस पहल से बिचौलियों की भूमिका खत्म हुई है और किसानों को सीधे ग्राहकों तक पहुंचने का मौका मिला है, जिससे उनकी आय में वृद्धि हो रही है।

18 मई से शुरू हुआ यह आम मेला सुकमा के स्थानीय उत्पादों को नई पहचान दिला रहा है। जिला प्रशासन का यह प्रयास न केवल किसानों के लिए लाभकारी साबित हो रहा है, बल्कि सुकमा की कृषि और आजीविका को नई दिशा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।







You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments