राजनांदगांव : शहर में अवैध शराब कारोबार और असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आदतन आरोपी कृष्णा रजक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी के कब्जे से 86 पौवा गोवा शराब बरामद की गई, जिसकी कुल मात्रा 12.040 बल्क लीटर और कीमत लगभग 12 हजार 340 रुपए बताई जा रही है।पुलिस के मुताबिक आरोपी कृष्णा रजक पिता जोहन रजक (27 वर्ष) निवासी कैलाश नगर पावर हाउस राजनांदगांव लंबे समय से अवैध गतिविधियों में संलिप्त रहा है और कोतवाली थाना का सूचीबद्ध गुंडा बदमाश भी है। आरोपी के खिलाफ पहले से मारपीट, अवैध शराब बिक्री, जुआ और आम्र्स एक्ट समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं।पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर तथा नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेण्डर किरो के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक उपेंद्र कुमार शाह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
जानकारी के अनुसार 20 मई 2026 को मुखबिर से सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस ने कैलाश नगर क्षेत्र में रेड कार्रवाई की। मौके पर आरोपी के पास भारी मात्रा में अवैध शराब बिक्री के लिए रखी मिली। पुलिस ने तत्काल शराब जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया और आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी पर वर्ष 2019 से लेकर 2024 तक मारपीट, धमकी, अवैध शराब बिक्री, जुआ और आम्र्स एक्ट के करीब डेढ़ दर्जन मामले दर्ज हैं। लगातार अपराधों में संलिप्त रहने के कारण पुलिस पहले से उसकी निगरानी कर रही थी।कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक उपेंद्र कुमार शाह, साइबर प्रभारी निरीक्षक विनय पामर, उपनिरीक्षक इसराफिल खान, प्रधान आरक्षक संदीप चौहान, आरक्षक अविरल भगत, अश्वनी ठाकुर तथा महिला आरक्षक वर्षा ध्रुव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने साफ किया है कि शहर में अवैध शराब कारोबार और असामाजिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

Comments